बांग्ला देश में भारत और वियतनाम से 35 हजार टन चावल पहुंचा
18-Mar-2025 03:28 PM
ढाका। पिछले दिन 35 हजार टन चावल से लदा दो जहाज बांग्ला देश के चटगांव बंदरगाह पर पहुंचा इसमें से एक जहाज एम वी तनाइस ड्रीम भारत से आया था जिस पर 22,500 टन सेला चावल लदा हुआ था।
खाद्य मंत्रालय के अनुसार इंटरनेशनल टेंडर के माध्यम से हुए एक समझौते (करार) के तहत यह चावल मंगाया गया है।
दूसरा जहाज एम वी होन्ग लिन्ह 1 वियतनाम से आया जिस पर 12,500 टन आतप चावल का स्टॉक मौजूद था। वियतनाम के साथ सरकारी स्तर पर किए गए करार के अंतर्गत चावल की यह खेप आई है।
वियतनाम से आए चावल की यह दूसरी खेप है। पहली खेप 17,800 टन की थी जो बांग्ला देश में पहले ही पहुंच चुकी है। उल्लेखनीय है कि 3 फरवरी 2025 को बांग्ला देश और वियतनाम की सरकार बांग्ला देश को चावल का शिपमेंट किया जा रहा है।
एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि दोनों देशों से आयातित चावल के नमूनों का भौतिक परीक्षण किया गया और संतोषजनक परिणाम सामने आने के बाद जहाज पर से माल को उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बांग्ला देश सरकार चावल आयात के लिए नियमित रूप से अंतर्राष्ट्रीय टेंडर जारी कर रही है और इसमें प्राय: भारतीय फर्मों को ही सफलता मिलती है क्योंकि भारत के सेला चावल का ऑफर सबसे आकर्षक होता है।
बांग्ला देश की सरकार ने जनवरी के अंतिम दिनों में कहा था कि भारत के साथ-साथ वियतनाम और पाकिस्तान से भी चावल मंगाने का प्लान बनाया गया है।
