बिहार एवं राजस्थान सहित कई अन्य राज्यों में भयंकर गर्मी का दौर जारी
25-Apr-2025 05:52 PM
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों तक बिहार से लेकर गुजरात- राजस्थान तक भयंकर गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना व्यक्त की है जबकि वहां तापमान पहले ही काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश में 24 से 27 अप्रैल तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश में 24 से 29 अप्रैल तक हीटवेव का प्रकोप रहेगा जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं उड़ीसा इसका प्रकोप 24-26 अप्रैल के बीच रह सकता है।
इसी तरह राजस्थान, पंजाब, हरियाणा एवं दिल्ली में 24 से 29 अप्रैल के बीच तथा छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र एवं मराठवाड़ा में 24-25 अप्रैल को हीटवेव का प्रकोप रहने की चेतावनी जारी की गई है। बिहार, उड़ीसा एवं पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में 24-25 अप्रैल की रात भी बहुत गर्म होगी।
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश एवं केरल के साथ-साथ गुजरात में भी मौसम गर्म रहने की संभावना व्यक्त की गई है जबकि कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।
गर्म एवं आद्र मौसम का अनुमान पांडिचेरी, कराईकल, माही, कोकण एवं गोवा तथा मध्य महाराष्ट्र एवं मराठवाड़ा में भी रहने का लगाया गया है।
दिल्ली एनसीआर में तापमान ऊंचे में 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना व्यक्त की गई है। हीटवेव के प्रति ज्यादा संवेदनशील इलाकों में लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ऊंचे तापमान एवं वर्षा के अभाव से जायद फसलों को खतरा हो सकता है जिसकी बिजाई अब भी जारी है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान में शुष्क एवं गर्म मौसम के कारण कपास की अगैती बिजाई प्रभावित होने की आशंका है।
