बिहार में एमएसपी पर 9.53 लाख टन धान की सरकारी खरीद

31-Dec-2025 01:24 PM

पटना। बिहार के सहकारिता मंत्री ने कहा है कि राज्य में प्राइमरी एग्रीकल्चर को ऑपरेटिव सोसायटी (पैक्स) द्वारा मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान अभी तक 1.32 लाख किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 9.53 लाख टन धान खरीदा जा चुका है और किसानों को 1755 करोड़ रुपए का भुगतान भी कर दिया गया है। 

सहकारिता मंत्री के अनुसार फिलहाल बिहार में चालू सीजन के लिए 36.86 लाख टन धान की सरकारी खरीद का लक्ष्य नियत किया गया है

लेकिन राज्य सरकार ने केन्द्र को एक पत्र भेजकर इस लक्ष्य को बढ़ाकर 45 लाख टन निर्धारित करने और खरीद की समय सीमा भी बढ़ाने का आग्रह किया है। बिहार में इस बार धान की अच्छी पैदावार हुई है और सरकारी क्रय केन्द्रों पर इसकी भारी आवक देखी जा रही है।

सहकारिता मंत्री का कहना था कि धान खरीद की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने तथा इसकी नियमित निगरानी करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

इसके लिए सभी जिलों के डीएम से ऐसे किसानों की सूची तैयार करने के लिए कहा गया है जो पैक्स को अपना धान बेचने के इच्छुक हैं।

उन किसानों को क्रय केन्द्रों पर अपना उत्पाद लाने के लिए एक अस्थायी तिथि आवंटित करने के लिए भी कहा गया है ताकि किसानों को निश्चित तिथि पर अपना धान बेचने में कोई कठिनाई न हो। 

डीएम से यह भी कहा गया है कि यदि जरूरत पड़े तो नए क्रय केन्द्र खोले जाए जिससे अधिक से अधिक किसानों को एमएसपी का लाभ हासिल हो सके। किसानों से खरीदे गए धान के मूल्य का भुगतान भी उचित समय पर सुनिश्चित किया जा रहा है।