बिहार में पुरानी चीनी मिलों को सक्रिय बनाने की योजना
31-Dec-2025 11:40 AM
पटना। बिहार के सहकारिता मंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार के 'सात निश्चय' प्रोग्राम के एक भाग के तौर पर प्रदेश में दो चीनी मिलों का संचालन सहकारिता विभाग द्वारा किया जाएगा
जबकि एक अन्य नई चीनी मिल की स्थापना की जाएगी। बिहार सरकार ने दो चीनी मिलों को फिर से क्रियाशील बनाने का निर्णय लिया है जो पिछले कई वर्षों से बंद पड़ी है।
सहकारिता मंत्री के अनुसार इस आशय का एक प्रस्ताव प्राप्त हुआ है और जैसे तथा जब भी राज्य मंत्रिमंडल द्वारा इसे अनुमोदित किया जाएगा तभी इसकी घोषणा सार्वजनिक तौर पर कर दी जाएगी।
सहकारिता विभाग ने इस सम्बन्ध में अपनी तैयारी आरंभ कर दी है। राज्य सरकार अपने 'सात निश्चय' कार्यक्रम में पुरानी या बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा चालू करने का प्लान भी शामिल किया है। दो चीनी मिलों के संचालन का दायित्व सहकारिता विभाग को सौंपने का फैसला किया गया है।
जिन दो बंद पड़ी इकाइयों को पुनर्जीवित करने की योजना बनाई गई है इसमें एक मधुबनी जिले में सकरी चीनी मिल तथा दूसरी दरभंगा जिले में रैयाम चीनी मिल सम्मिलित हैं।
विभाग फिलहाल सहकारी समितियों के निर्माण में व्यस्त है। इससे न केवल गन्ना उत्पादकों को फायदा होगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
