भारत को खाद्य तेलों की आपूर्ति में इंडोनशिया प्रथम स्थान पर बरकरार
14-Aug-2025 06:05 PM
मुम्बई। भारत में इंडोनेशिया मलेशिया एवं थाईलैंड से पाम तेल, अर्जेन्टीना, ब्राजील एवं रूस से सोयाबीन तेल तथा रूस, यूक्रेन एवं अर्जेन्टीना से सूरजमुखी तेल का भारी आयात होता है।
भारत के खाद्य तेलों की आपूर्ति करने के मामले में इंडोनेशिया प्रथम स्थान पर बरकरार हैं। चालू मार्केटिंग सीजन के आरंभिक नौ महीनों में यानी नवम्बर 2024 से जुलाई 2025 के दौरान भारत में करीब 107.57 लाख टन खाद्य तेल का आयात हुआ जिसमें अकेले इंडोनेशिया से 25.88 लाख टन से अधिक का आयात शामिल है।
दूसरे स्थान पर मलेशिया को काफी पीछे छोड़ते हुए अर्जेन्टीना पहुंच गया। वहां से 24.07 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया। मलेशिया से 17.67 लाख टन तथा रूस से 12.82 लाख टन खाद्य तेल का आयात हुआ और वह क्रमश तीसरा तथा चौथा सबसे प्रमुख आपूर्तिकर्ता देश रहा। ब्राजील पांचवे तथा यूक्रेन छठे नंबर पर रहा जहां से 8.20 लाख टन और 5.36 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया। इसके अलावा दुनिया के अन्य देशों से लगभग 7.92 लाख टन खाद्य तेल का आयात किया गया।
सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) के आंकड़ों के अनुसार नवम्बर 2024 से जुलाई 2025 के दौरान भारत में 9.88 लाख टन आरबीडी पामोलीन, 41.10 लाख टन क्रूड पाम तेल (सीपीओ), 44 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल, 35.23 लाख टन क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल और 20.93 लाख टन क्रूड सूरजमुखी तेल का आयात हुआ।
इंडोनेशिया से इस अवधि में 8.22 लाख टन आरबीडी पामोलीन, 17.65 लाख टन सीपीओ तथा एक हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल मंगाया गया।
इसी तरह मलेशिया से 1.30 लाख टन आरबीडी पामोलीन, 16.02 लाख टन सीपीओ तथा 35 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल और थाईलैंड से 23 हजार टन रिफाइंड पामोलीन, 5.31 लाख टन सीपीओ एवं 4 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल का आयात किया गया।
इस अवधि में अर्जेन्टीना से 21.20 लाख टन सोया तेल और 2.87 लाख टन सूरजमुखी तेल का आयात हुआ जबकि रूस से 10.93 लाख टन सूरजमुखी तेल और 1.88 लाख टन सोयाबीन तेल मंगाया गया। ब्राजील से 8.03 लाख टन सोयाबीन तेल तथा यूक्रेन से 5.20 लाख टन सूरजमुखी तेल का आयात हुआ।
