भारत में सोयाबीन का उत्पादन 96 लाख टन होने का उस्डा पोस्ट का अनुमान

07-Sep-2026 04:54 PM

नई दिल्ली। कमजोर एवं अनिश्चित वर्षा तथा बिजाई क्षेत्र में कमी को देखते हुए अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की विदेश कृषि सेवा के दिल्ली स्थित प्रतिनिधि कार्यालय (उस्डा पोस्ट) ने भारत में सोयाबीन की बिजाई, औसत उपज दर एवं कुल पैदावार में पिछले अनुमान में कटौती कर दी है जबकि दूसरी ओर सोयाबीन तथा सोया तेल के आयात का अनुमान बढ़ा दिया है।  

उस्डा पोस्ट के अनुसार चालू खरीफ सीजन के दौरान भारत में सोयाबीन का बिजाई क्षेत्र 114 लाख हेक्टेयर पर अटक सकता है जबकि 910 किलो प्रति हेक्टेयर की औसत उपज दर के साथ इसका कुल उत्पादन 96 लाख टन के करीब सिमटने की संभावना है। यह आंकड़ा पूर्व अनुमान से छोटा है। इधर केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि भारत में 4 सितम्बर 2026 तक सोयाबीन का कुल उत्पादन क्षेत्र 121.82 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जो पिछले साल की इसी अवधि के बिजाई क्षेत्र 122.98 लाख हेक्टेयर से 1.16 लाख हेक्टेयर कम है। 

उस्डा पोस्ट के अनुसार भारत में 2026-27 सीजन के दौरान करीब 5 लाख टन सोयाबीन तथा 56 लाख टन सोया तेल का आयात होने की उम्मीद है। भारत से सोयाबीन के निर्यात का अनुमान घटाकर 25 हजार टन नियत किया गया है। सोयाबीन की क्रशिंग 75 लाख टन पर सिमट सकती है जबकि इसकी घरेलू मांग एवं इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों की  खपत में अच्छी वृद्धि की उम्मीद है।