भारत में शुल्क मुक्त आयात की अवधि बढ़ने से कनाडा में पीली मटर का भाव सुधरने की उम्मीद
16-Sep-2024 05:10 PM
वैंकुवर । भारत सरकार ने पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अवधि 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 31 दिसम्बर 2024 निर्धारित कर दी है जिससे कनाडा के बाजार में हलचल पैदा होने की संभावना है।
वहां आयात शुल्क को लेकर असमंजस तथा अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई थी और पीली मटर का भाव स्थिर या नरम बना हुआ था।
भारत सरकार ने 31 दिसम्बर तक या उससे पूर्व बिल ऑफ लेडिंग के साथ पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
चूंकि कनाडा में मटर का कुल उत्पादन गत वर्ष के 26.08 लाख टन से बढ़कर इस बार 30-32 लाख टन के बीच पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है और एक महत्वपूर्ण आयातक देश-चीन के साथ उसके व्यापारिक संबंधों में कुछ तनाव पैदा हो गया है इसलिए जब तक भारत में शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा बढ़ाने की घोषणा नहीं हुई थी
तब तक कनाडा में पीली मटर की कीमतों पर काफी दबाव देखा जा रहा था। कनाडा में पीली मटर का उत्पादन पिछले साल के 22.60 लाख टन से बढ़कर चालू वर्ष में 25.6 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है।
उधर अमरीका में भी पीली मटर का उत्पादन 5.79 लाख टन से सुधरकर 6.66 लाख टन तथा मटर का सकल उत्पादन 8.18 लाख टन से बढ़कर 8.94 लाख टन पर पहुंचने के आसार हैं।
हालांकि रूस में उत्पादन कुछ घटने की संभावना है लेकिन फिर भी वह अत्यन्त विशाल होगा और वह चीन तथा भारत में इसका निर्यात बढ़ाने का प्रयास करेगा।
भारत में पहले ही 20 लाख टन से अधिक पीली मटर का विशाल आयात हो चुका है जिसमें से 7-8 लाख टन का स्टॉक अभी बाकी है।
ऐसी हालत में भारतीय आयातक आगामी महीनों के दौरान पीली मटर के आयात के प्रति कितनी सक्रियता दिखाते हैं यह देखना दिलचस्प होगा।
चीन के बाजार पर भी कनाडा का ध्यान केन्द्रित है क्योंकि वहां इसका आयात रोकने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है मगर ऐसा लगता है कि चीनी के खरीदार कनाडा के बजाए रूस से मटर का आयात बढ़ाने को प्राथमिकता दे सकते हैं।
