भारत और अमरीका के बीच व्यापार समझौता के लिए बातचीत जारी रहेगी

12-Jan-2026 08:55 PM

नई दिल्ली। भारत में अमरीका के नव नियुक्त राजदूत ने कहा है कि दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौता के लिए सक्रिय है और शीघ्र ही बातचीत की प्रक्रिया दोबारा शुरू हो सकती है। इस बार का विचार-विमर्श व्यापार संधि को अंतिम निर्णायक मुकाम तक पहुंचा सकता है। 

राजदूत के अनुसार 13 जनवरी को व्यापार वार्ता दोबारा आरंभ होने की संभावना है। ध्यान देने की बात है कि भारत दुनिया में सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश है इसलिए द्विपक्षीय व्यापार समझौता के लिए बातचीत की प्रक्रिया को अंतिम मंजिल तक पहुंचाना कोई आसान काम नहीं है।

लेकिन दोनों पक्षों को पक्का विश्वास है कि व्यापार वार्ता अपने अंतिम परिणाम तक अवश्य पहुंच जाएगी। ज्ञात हो कि नए राजदूत की नियुक्ति नवम्बर 2025 में ही हो गई थी लेकिन अब उन्होंने विधिवत अपना कार्यभार ऐसे महत्वपूर्ण समय में सभाला है जब भारत-अमरीका के बीच व्यापारिक करार के लिए बातचीत आरंभ करने के मुद्दे पर स्पष्टता का अभाव दिख रहा है।

यहां यह तथ्य भी ध्यान रखने लायक है कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक करार का एक प्रारूप पहले तैयार हो गया था और उसे दोनों पक्षों की औपचारिक स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी थी लेकिन बाद में अमरीका ने यह कहते हुए उसमें अड़ंगा लगा दिया कि भारतीय प्रधानमंत्री ने अमरीकी राष्ट्रपति को फोन नहीं किया।

अमरीका ने अनेक भारतीय उत्पादों पर 50 प्रतिशत का ऊंचा टैरिफ लगा रखा है जिससे वहां बासमती चावल, मसालों तथा वस्त्र उत्पादों समेत अनेक अन्य वस्तुओं का निर्यात प्रभावित होने लगा है यह टैरिफ अगस्त 2025 के अंतिम सप्ताह से ही लागू है।

भारत चाहता है कि इस टैरिफ को घटाकर 15 प्रतिशत पर लाया जाए अमरीका फिलहाल इसके लिए सहमत नहीं दिख रहा है बल्कि इसके बजाए वह चीन और ब्राजील के साथ भारत पर भी 500 प्रतिशत का आयात शुल्क लगाने की धमकी दे रहा है। अमरीकी व्यापार नीति अविश्वसनीय हो गई है।