बेहतर उपलब्धता के कारण कनाडा से काबुली चना का निर्यात स्टॉक बढ़ने के आसार
22-Nov-2024 08:16 PM
टोरंटों । कनाडा में 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के लिए काबुली चना के उत्पादन के प्रति कुछ अनिश्चितता बनी हुई है क्योंकि सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन ने उत्पादन का जो आंकड़ा अनुमानित किया है वह वास्तविकता से कुछ ऊंचा प्रतीत होता है।
इसके बावजूद इतना तो निश्चित लगता है कि वहां काबुली चना की कुल उपलब्धता पिछले कुछ वर्षों में सबसे अधिक हो सकती है जिससे उसे निर्यात बढ़ाने का अच्छा अवसर मिल सकता है।
लेकिन कनाडा से काबुली चना के निर्यात के रास्ते में कुछ चुनौतियां भी मौजूद हैं। अमरीका परम्परागत रूप से इसका प्रमुख खरीदार रहा है लेकिन इस बार वहां इसका अधिक उत्पादन हुआ है जिससे कनाडा से आयात घट सकता है।
अमरीकी बाजार की अनिश्चितता को देखते हुए कनाडा के काबुली चना का निर्यातकों को नए-नए बाजारों की तलाश करनी पड़ रही है और खासकर दक्षिण एशिया के देशों में इसका निर्यात बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है जहां भारत, पाकिस्तान, बांग्ला देश, श्रीलंका एवं नेपाल जैसे देश मौजूद है।
वर्तमान समय में कनाडा से काबुली चना के निर्यात की गति धीमी है और यदि 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के लिए निर्धारित 2.00 लाख टन के निर्यात लक्ष्य को हासिल करना है तो शिपमेंट की गति को जल्दी से जल्दी बढ़ाना आवश्यक होगा।
मध्य सितंबर के बाद से ही कनाडा के घरेलू प्रभाग में काबुली चना का भाव नरम चल रहा है लेकिन फिर भी इसकी जोरदार निर्यात मांग नहीं निकल रही है।
