Home News
12-Nov-2026 06:39 PM
नई दिल्ली। वर्तमान में ईसबगोल के भाव तेजी के साथ बोले जा रहे हैं और अभी भी कीमतों में तेजी की संभावना व्यक्त की जा रही है। उल्लेखनीय है कि कुल उत्पादन में 65/70 प्रतिशत का योगदान देने वाले राज्य राजस्थान में पानी की कमी के चलते ईसबगोल की बिजाई घटने के समाचार मिल रहे हैं। इसके अलावा बकाया स्टॉक भी कमजोर माना जा रहा है। वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों पर बिजाई का कार्य शुरू हो गया है और नई फसल की आवक मार्च-अप्रैल माह में शुरू होगी। राजस्थान के अलावा गुजरात में भी 25/30 प्रतिशत का ईसबगोल का उत्पादन होता है। ईसबगोल का मुख्यत व्यापार गुजरात की ऊंझा मंडी एवं राजस्थान की मेडता, नागौर एवं नौखा मंडी में सर्वाधिक होता है।
पैदावार में कमी
उल्लेखनीय है कि विगत तीन वर्षों से देश में ईसबगोल की पैदावार में कमी आ रही है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि आगामी सीजन में भी उत्पादन कम रहेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में देश में ईसबगोल का उत्पादन 38/40 लाख बोरी का रहा था जोकि वर्ष 2025 में घटकर 28/30 लाख बोरी का रह गया। वर्ष 2026 में उत्पादन 20/22 लाख बोरी (प्रत्येक बोरी 70/75 किलो) का माना गया। बिजाई में कमी के कारण वर्ष 2027 में भी उत्पादन घटने के पूर्वानुमान लगाए जा रहे हैं।
कीमतों में तेजी
उत्पादक केन्द्रों पर कमजोर बिजाई के समाचारों एवं हाजिर में स्टॉक भी कम रह जाने के कारण ईसबगोल के भाव लगातार बढ़ रहे हैं। एक अनुमान के अनुसार सितम्बर माह में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर ईसबगोल के भाव 110/145 रुपए चल रहे थे। जोकि अक्टूबर में बढ़कर 140/170 रुपए हो गए और वर्तमान में भाव 150/185 रुपए पर बोले जा रहे हैं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि जल्द ही भाव 200 रुपए का स्तर पार कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों पर ईसबगोल का स्टॉक 10/12 लाख बोरी का माना जा रहा है। गुजरात में स्टॉक 7/8 लाख बोरी एवं राजस्थान 3/4 लाख बोरी होने के व्यापारिक अनुमान है।
निर्यात
प्राप्त जानकारी के अनुसार हालांकि अगस्त- 2026 में ईसबगोल का निर्यात अगस्त 2025 की तुलना में कम रहा लेकिन अप्रैल-अगस्त- 2026 में निर्यात गत वर्ष की इसी समयावधि की तुलना में 740.66 टन अधिक हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार अगस्त- 2026 में ईसबगोल का निर्यात 5092 टन का किया गया। जबकि अगस्त 2025 में निर्यात 5431.40 टन का रहा था। अप्रैल- अगस्त- 2026 में ईसबगोल का कुल निर्यात 43665.70 टन का किया गया है जबकि अप्रैल-अगस्त- 2025 में निर्यात 42925 टन का हुआ था। ईसबगोल निर्यात का एच०एस० कोड- 12119032 है।