Home News
12-Nov-2026 06:47 PM
नई दिल्ली। हालांकि केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के साप्ताहिक आंकड़ों से पता चलता है कि चालू रबी सीजन में 6 नवम्बर 2026 तक मोटे अनाजों का कुल उत्पादन क्षेत्र 8.15 लाख हेक्टेयर पर ही पहुंच सका जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 9.87 लाख हेक्टेयर से 1.72 लाख हेक्टेयर कम था लेकिन यह अंतर (सितम्बर) बहुत ज्यादा नहीं है और आगामी समय में इसे पाटना संभव है। दरअसल मोटे अनाजों की बिजाई की गति तेज करने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। बाजार भाव भी मजबूत होने लगा है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान ज्वार का उत्पादन क्षेत्र 5.28 लाख हेक्टेयर से गिरकर 4.98 लाख हेक्टेयर, मक्का का रकबा 3.24 लाख हेक्टेयर से घटकर 2.49 लाख हेक्टेयर तथा जौ का बिजाई क्षेत्र 84 हजार हेक्टेयर से लुढ़ककर 29 हजार हेक्टेयर रह गया। इसी तरह रागी का रकबा भी 47 हजार हेक्टेयर से फिसलकर 33 हजार हेक्टेयर पर अटक गया। बाजरा का बिजाई क्षेत्र 2 हजार हेक्टेयर पर स्थिर रहा जबकि रबी सीजन में इसकी खेती अत्यन्त सीमित क्षेत्रफल में होती है।
ज्वार, मक्का एवं जौ की बिजाई में आगामी सप्ताहों के दौरान किसानों की सक्रियता एवं दिलचस्पी बढ़ने की संभावना है क्योंकि इसका थोक मंडी भाव सुधरते हुए सरकारी समर्थन मूल्य से ऊपर पहुंच गया है और मौसम की स्थिति भी अनुकूल हो गई है। मोटे अनाजों की खेती के लिए खेतों की मिटटी में नमी का सामान्य अंश रहना ही पर्याप्त है। इस बार देश के कुछ भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान और उसके बाद भी बारिश का अभाव देखा गया।
महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों में सूखे की वजह से यदि चना की बिजाई प्रभावित होती है तो किसान मक्का एवं रागी की बिजाई को प्राथमिकता दे सकते हैं। जौ का सर्वाधिक उत्पादन राजस्थान में होता है। वह सरसों का भी सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है जबकि वहां चना का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है इसलिए इस राज्य में रबी फसलों की बिजाई की स्थिति पर गहरी नजर रखी जा रही है। इस राज्य के कुछ भागों में वर्षा कम हुई है।