Home News
12-Nov-2026 05:17 PM
नई दिल्ली। त्यौहारी सीजन की समाप्ति के बाद अब लग्नसरा का सीजन आरंभ होने वाला है जिसमें गेहूं उत्पादों की मांग एवं खपत बेहतर होने की संभावना है।
मंडियों में गेहूं की सीमित आवक हो रही है क्योंकि इसकी आपूर्ति का ऑफ सीजन चल रहा है। फ्लोर मिलर्स एवं प्रोसेसर्स द्वारा अच्छी मात्रा में गेहूं की खरीद की जा रही है। बड़े-बड़े उत्पादकों एवं व्यापारियों- स्टॉकिस्टों के पास गेहूं का सीमित स्टॉक बचा हुआ है। उपरोक्त कारणों से इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल रहना चाहिए।
लेकिन दूसरी ओर भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के पास 4 करोड़ टन से अधिक गेहूं का अत्यन्त विशाल स्टॉक उपलब्ध है और उसने खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत इसे बेचने की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी है।
साप्ताहिक ई-नीलामी में गेहूं की मात्रा बढ़ाई जा रही है। पहले 1.05-1.10 लाख टन के बीच गेहूं की बिक्री का ऑफर दिया जा रहा था जिसे बाद में बढ़ाकर 2 लाख टन के करीब कर दिया गया।
इससे मिलर्स-प्रोसेसर्स को अपनी जरूरत को पूरा करने में अच्छी सहायता मिल रही है और उसके बीच कीमतों की प्रतिस्पर्धा में भी कमी आई है। गेहूं की खरीद के लिए अपेक्षाकृत नीचे मूल्य की बोली लगाई जा रही है।
उद्योग को पता है कि सरकार के पास जरूरत से काफी ज्यादा गेहूं का स्टॉक है और मार्च-अप्रैल में नया गेहूं आने लगेगा इसलिए सरकार पुराने स्टॉक को घटाने का हर संभव प्रयास करेगी अन्यथा भंडारण का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार गेहूं का घरेलू उत्पादन 2024-25 सीजन के 1179.10 लाख टन से बढ़कर 2025-26 के सीजन में 1207 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। गेहूं की कीमतों में 2025-26 के मार्केटिंग सीजन के दौरान लम्बे समय तक खास तेजी नहीं देखी गई।