बेमौसमी वर्षा से नासिक जिले में मक्का एवं अंगूर की फसल क्षतिग्रस्त
09-Dec-2024 03:22 PM
नासिक । महाराष्ट्र के नासिक जिले में पिछले सप्ताह हुई मूसलाधार बेमौसमी वर्षा से चार तालुका में मक्का, अंगूर तथा प्याज आदि की फसलें क्षतिग्रस्त होने का अंदेशा है। इससे जिले का सिन्नार तथा निफाड़ तालुका विशेष रूप से प्रभावित हुआ है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस असामयिक वर्षा से निफाड़ तालुका में लेट खरीफ कालीन प्याज तथा मक्का बगलान तालुका में अंगूर की अगैती फसल को हानि हुई है।
आंशिक अनुमान के अनुसार कम से कम 318 हेक्टेयर में फसलों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। मालूम हो कि अंगूर से किशमिश का निर्माण होता है।
पिछले सप्ताह एक ही दिन में सिन्नार में 23.3 मि०मी०, येवला में 12.2 मि०मी०, नासिक शहर और आसपास के क्षेत्रों में 5.1 मि०मी० तथा निफाड़ तालुका में 15.3 मि०मी० वर्षा दर्ज की गई।
खरीफ सीजन के अंतिम चरण में प्याज की जो बिजाई हुई थी उसकी फसल के लिए यह वर्षा नुकसानदायक साबित होगी। निफाड़ में मक्का की फसल को भी नुकसान होगा।
इसी तरह बगलान तालुका में अंगूर की फसल पर प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना है। इतना ही नहीं बल्कि रबीकालीन प्याज के जो नवजात पौधे अभी नर्सरी में हैं उसे भी बारिश से हानि हुई है।
जिला प्रशासन ने सिन्नार, येवला, बगलान एवं निफाड़ तालुका में फसलों को हुए नुकसान का आंकलन करने हेतु पंचनामा (सर्वेक्षण) का निर्देश दिया है। आरंभिक संकेतों से पता चलता है कि करीब 318 हेक्टेयर में फसलें बर्बाद हुई है।
समझा जाता है कि फेंगल तूफान की वजह से नासिक जिले के चार तालुका में भारी बारिश हुई है। महाराष्ट्र का नासिक जिला प्याज तथा अंगूर के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है।
