ब्राजील में बारिश की संभावना से चीनी का वैश्विक वायदा भाव नरम
10-Dec-2024 03:38 PM
न्यूयार्क । लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील के मध्य दक्षिणी क्षेत्र में वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है जिससे गन्ना की फसल को फायदा होगा और चीनी के उत्पादन में वृद्धि हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि वहां 90 प्रतिशत चीनी का उत्पादन मध्य दक्षिणी क्षेत्र में होता है। चीनी के उत्पादन में सुधार की उम्मीद पैदा होने से इसके वैश्विक वायदा मूल्य में पिछले दिन थोड़ी नरमी आ गई।
इसके तहत मार्च अनुबंध के लिए न्यूयार्क एक्सचेंज में कच्ची चीनी (रॉ शुगर) का वायदा भाव 0.31 सेंट प्रति पौंड या 1.42 प्रतिशत तथा लंदन एक्सचेंज में सफेद चीनी (व्हाइट शुगर) का वायदा मूल्य 6 डॉलर प्रति टन या 1.07 प्रतिशत घट गया।
मौसम विभाग ने चालू सप्ताह के दौरान ब्राजील के मध्य दक्षिणी क्षेत्र में वर्षा होने का अनुमान लगाया है जिसकी वहां सख्त जरूरत है। लम्बे समय से अच्छी बारिश नहीं होने के कारण गन्ना की फसल पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था।
मध्य दक्षिण क्षेत्र में गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का सीजन धीरे-धीरे समाप्ति की ओर बढ़ रहा है जबकि अगला नया सीजन अप्रैल 2025 में आरंभ होगा। यदि आगे कुछ दिनों में वहां वर्षा होती है तो आगामी सीजन में चीनी के बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ जाएगी।
पिछले सप्ताह के आरंभ में चीनी का वैश्विक वायदा भाव गिरकर गत ढाई माह के निचले स्तर पर आ गया था क्योंकि इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुधरने के अच्छे संकेत मिले थे।
उल्लेखनीय है कि गत 21 नवम्बर को जारी अपनी रिपोर्ट में इंटरनेशन शुगर आर्गेनाइजेशन (आईएसओ) ने विश्व स्तर पर चीनी की कमी का अनुमान घटाकर 25.10 लाख टन नियत किया था जो अगस्त में जारी अनुमान 35.80 लाख टन से 10.70 लाख टन कम था।
2023-24 सीजन के लिए आईएसओ ने चीनी का अधिशेष स्टॉक भी 2 लाख टन से बढ़ाकर 13.10 लाख टन निर्धारित कर दिया है।
