ब्राजील में गन्ना की फसल को नुकसान होने से चीनी का वैश्विक बाजार भाव मजबूत रहने के आसार
12-Sep-2024 03:50 PM
न्यूयार्क । बैंक ऑफ अमरीका ग्लोबल रिसर्च की एक रिपोर्ट में कच्ची चीनी का बेंचमार्क वायदा भाव न्यूयार्क एक्सचेंज में आगामी महीनों के दौरान मजबूत रहने का अनुमान लगाया गया है क्योंकि सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील के सबसे महत्वपूर्ण उत्पादक राज्य- साओ पाउलो में लगी भीषण आग के कारण गन्ना की फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान हो रहा है जिससे चीनी के उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है।
ब्राजील में कमजोर उत्पादन से वैश्विक बाजार में चीनी की आपूर्ति एवं उपलब्धता घट सकती है। वैसे भी गर्म एवं शुष्क मौसम के कारण ब्राजील में गन्ना की फसल को पहले से ही क्षति हो रही थी जबकि जंगल की आग ने इसका दायरा और भी बढ़ा दिया है।
ब्राजील में प्राकृतिक आपदाओं के कारण सिर्फ 2024-25 के वर्तमान सीजन में ही नहीं बल्कि 2025-26 के आगामी सीजन में भी गन्ना की पैदावार एवं क्रशिंग पर खतरा मंडरा रहा है।
गन्ना की उपज दर में भारी गिरावट आ सकती है और गर्मी तथा आग से जो फसल झुलस गई है उसके पुनः जीवित होने की संभावना बहुत कम है। रिपोर्ट के अनुसार ब्राजील में चीनी के उत्पादन का अधिकांश अनुमान बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।
बैंक ऑफ अमरीका के अनुसार चीनी का वैश्विक अधिशेष स्टॉक केवल 6.50 लाख टन रहने की संभावना है जिसका मतलब यह हुआ कि इसकी मांग एवं आपूर्ति का समीकरण आगामी महीनों में काफी जटिल बना रहेगा।
इसके फलस्वरूप न्यूयार्क एक्सचेंज में कच्ची चीनी (रॉ शुगर) का वायदा भाव 21-22 सेंट प्रति पौंड के करीब रह सकता है। चालू सप्ताह के आरंभ में यह 18.83 सेंट प्रति पौंड पर बंद हुआ था जो पिछले दो सप्ताह का न्यूनतम स्तर था।
हालांकि चीनी का उत्पादन भारत में भी घटने की संभावना है लेकिन वैश्विक स्थिति पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ेगा क्योंकि भारत से चीनी के व्यापारिक निर्यात पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
उधर थाईलैंड में आंधी-तूफान के साथ अत्यन्त मूसलाधार वर्षा होने तथा कुछ इलाकों में भयंकर बाढ़ आने से गन्ना की फसल प्रभावित होने की आशंका है।
