ब्राजील में लगी आग से चीनी का वैश्विक बाजार भाव तेज

02-Sep-2024 02:54 PM

न्यूयार्क । लैटिन अमरीकी देशी- ब्राजील के जंगलों में लगी आग का विस्तार गन्ना उत्पादक इलाकों तक हो चुका है जिससे वहां चीनी तथा एथनॉल का उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है।

इसके फलस्वरूप चीनी का वायदा भाव न्यूयार्क एवं लंदन एक्सचेंज में तेज होने की संभावना है। न्यूयार्क एक्सचेंज में जनवरी के बाद कच्ची चीनी (रॉ शुगर) के वायदा भाव में सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं।

ब्राजील में पहले से ही मौसम शुष्क एवं गर्म बना हुआ है जिससे गन्ना की फसल पर असर पड़ रहा है। अब इस आग में हालात को और भी बिगाड़ दिया है।

उद्योग-व्यापार समीक्षकों के अनुसार इस आग की वजह से ब्राजील के मध्य दक्षिणी भाग में चीनी के उत्पादन में 3.40 से 3.70 लाख टन की गिरावट आ सकती है।

एक अग्रणी संगठन के अनुसार 2024-25 के सीजन में चीनी का वैश्विक उत्पादन इसके उपयोग से करीब 36 लाख टन कम हो सकता है।

ब्राजील में साओ पाउलो चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है जहां देश की लगभग 60 प्रतिशत चीनी का उत्पादन हो सकता है। वहां इस आग का भयंकर प्रकोप देखा जा रहा है।

इसका प्रभाव अगले साल के उत्पादन पर भी पड़ना निश्चित लगता है। गन्ना की फसल बहुत बड़े क्षेत्र में क्षतिग्रस्त हो गई है। 

पिछले सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन कच्ची चीनी का वायदा भाव पहले 1.3 प्रतिशत गिर गया मगर बाद में संभलने लगा।

समीक्षकों के अनुसार भारत से चीनी का निर्यात बंद होने के बाद वैश्विक बाजार अब ब्राजील के उत्पादन एवं निर्यात के प्रति लगतार संवेदनशील होता जा रहा है।

भारत में अगले महीने से गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का नया सीजन आरंभ होने वाला है लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार का इरादा चीनी का निर्यात खोलने के बजाए एथनॉल का घरेलू उत्पादन बढ़ाने का है। थाईलैंड में चीनी का उत्पादन सीजन दिसम्बर में आरंभ होता है।