ब्राजील में रिकॉर्ड उत्पादन से सोयाबीन के वैश्विक बाजार भाव पर रहेगा दबाव

19-Mar-2025 04:41 PM

शिकागो। ब्राजील पांच वर्ष पूर्व ही अमरीका को पीछे छोड़कर दुनिया में सोयाबीन का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश बन गया था और तब से इसकी अग्रता बरकरार है।

ब्राजील में सोयाबीन का बिजाई क्षेत्र हाल के वर्षों में तेजी से बढ़ा है जबकि अमरीका में यह स्थिर है या कुछ घट गया है।

ब्राजील में जाड़े का मौसम छोटा होता है इसलिए किसानों को एक ही खेत में सोयाबीन के बाद मक्का की खेती का मौका भी मिल जाता है। 

2024-25 के वर्तमान सीजन के दौरान ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन तेजी से उछलकर सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद है। ब्राजील में सोयाबीन फसल की जोरदार कटाई-तैयारी हो रही है जबकि अमरीका में अभी बिजाई शुरू नहीं हुई है।

अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) का उत्पादन अनुमान सोयाबीन के वैश्विक बाजार भाव को नियंत्रित करने में सहायक बन सकता है। 

सोयाबीन के वैश्विक बैलेंस शीट में असंतुलन बढ़ता जा रहा है। एक तरफ पैदावार एवं आपूर्ति में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है तो दूसरी ओर मांग एवं खपत में स्थिरता का माहौल बना हुआ है।

इसके फलस्वरूप सोयाबीन का अंतिम बकाया अधिशेष स्टॉक भी बढ़ रहा है। इससे अगले सीजन में सोयाबीन की आपूर्ति की स्थिति सुगम हो जाती है।

अमरीका में सोयाबीन का उत्पादन तो संतोषजनक हुआ मगर चीन के साथ-साथ मैक्सिको एवं कनाडा से भी बिगड़े हालात के कारण इसका निर्यात प्रभावित होने की आशंका है।

इससे ब्राजील को सीधा लाभ मिल सकता है और उसे अपने रिकॉर्ड उत्पादन की बिक्री करने में ज्यादा कठिनाई नहीं होने वाली है। यदि अमरीका में सोयाबीन का भाव कमजोर रहा तो इसका असर ब्राजील पर भी पड़ सकता है।

यह देखना भी आवश्यक होगा कि चालू वर्ष के दौरान अमरीका में सोयाबीन की बिजाई की रफ्तार कैसी रहती है और आगामी उत्पादन का परिदृश्य कैसा रहता है।