ब्राजील में सोयाबीन फसल की धीमी कटाई से चीन के आयातक चिंतित नहीं
03-Feb-2025 08:35 PM
डेस मोईन्स । लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में भारी वर्षा एवं बाढ़ के कारण सोयाबीन फसल की कटाई-ेतैयारी धीमी गति से हो रही है जिसका मतलब यह हुआ कि वहां से आयातक देशों में उतनी जल्दी-जल्दी इसका शिपमेंट नहीं हो रहा है जिसकी उम्मीद की जा रही थी।
लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि चीन के आयातक इस स्थिति से ज्यादा चिंतित नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि ब्राजील से करीब 70 प्रतिशत सोयाबीन का निर्यात अकेले चीन को होता है।
व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक अक्सर जब ब्राजील में फसल की कटाई-तैयारी में देर होती है तब अमरीका से सोयाबीन का निर्यात बढ़ने की संभावना पैदा हो जाती है।
लेकिन चीन के आयातक अभी अमरीकी सोयाबीन की खरीद में कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। संभवतः वे ट्रम्प प्रशासन की शुल्क नीति और उसके जवाब में चीन सरकार के निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
खबर आ रही है कि अमरीका ने कनाडा एवं मैक्सिको के उत्पादों पर 25-25 प्रतिशत तथा चीन के सामानों पर 10 प्रतिशत का आयात शुल्क लगाने का निर्णय लिया है।
मध्य जनवरी में अमरीका से चीन को सोयाबीन की निर्यात बिक्री में एक सप्ताह अच्छी बढ़ोत्तरी हुई थी लेकिन उसके बाद इसकी गति बहुत धीमी हो गई।
पिछले दो माह के दौरान अमरीकी सोयाबीन की साप्ताहिक निर्यात बिक्री अधिकतर सामान्य औसत से नीचे ही रही जबकि पहले से ही इस तरह के हल्के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा था।
23 जनवरी 2025 वाले सप्ताह के दौरान अमरीका से सोयाबीन की कुल निर्यात बिक्री में चीन की भागीदारी 47 प्रतिशत रही थी जो गत 17 वर्षों में सबसे कम रही।
चीन के खरीदार फिलहाल असमंजस में हैं क्योंकि आगामी समय में ब्राजील से इसका भारी आयात शुरू होने वाला है जहां इस बार सोयाबीन का रिकॉर्ड उत्पादन होने की उम्मीद है।
