ब्राजील से सोयाबीन का निर्यात नए ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा
02-Jun-2026 03:35 PM
परानागुआ। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील से चालू वर्ष के दौरान मई के अंत तक सोयाबीन का कुल निर्यात तेजी से बढ़कर 516 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर (इस अवधि तक के लिए ) पहुंच गया जो वर्ष 2025 की समान अवधि के रिकॉर्ड शिपमेंट 515 लाख टन से भी 1 लाख टन ज्यादा है। मई का महीना समाप्त होने से पहले ही इस बार यह उपलब्धि हासिल हो गई थी। इससे वैश्विक बाजार और खासकर चीन में ब्राजीलियन सोयाबीन की जबरदस्त मांग का स्पष्ट संकेत मिलता है।
विदेशी व्यापार सचिवालय के आंकड़ों के अनुसार सोयाबीन का निर्यात नए-नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचता जा रहा है। मई के तीसरे सप्ताह तक वहां से सोयाबीन का निर्यात 113.80 लाख टन पर पहुंच गया था। इस तरह वहां से रोजाना औसतन 7.59 लाख टन सोयाबीन का शिपमेंट हो रहा है। यदि यह सिलसिला आगे भी बरकरार रहा तो मई में कुल निर्यात बढ़कर 151.80 लाख टन पर पहुंच जाएगा। इससे पूर्व मई 2023 के दौरान ब्राजील से कुल 156.58 लाख टन सोयाबीन का रिकॉर्ड निर्यात हुआ था।
सरकारी एजेंसी कोनाब की अप्रैल रिपोर्ट में 2026 के दौरान ब्राजील से सोयाबीन के सकल निर्यात का अनुमान 1155 लाख टन से बढ़ाकर 1160 लाख टन निर्धारित किया गया था जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
उद्योग-व्यापार क्षेत्र के विश्लेषकों का अनुमान इससे भी 10 लाख टन ज्यादा यानी 1170 लाख टन का है। वर्ष 2025 के दौरान ब्राजील से कुल 1080 लाख टन सोयाबीन का शिपमेंट हुआ था जिसमें इस बार 80-90 लाख टन का इजाफा हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि चीन इसका सबसे प्रमुख खरीदार है। ब्राजील से लगभग 70 प्रतिशत सोयाबीन का निर्यात चीन को होता है।
रिकॉर्ड उत्पादन के कारण ब्राजील में चालू वर्ष के अंत में सोयाबीन का बकाया अधिशेष स्टॉक बढ़कर 103 लाख टन पर पहुंच सकता है। घरेलू क्रशिंग एवं विदेशों में निर्यात भी नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद है। वहां सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी समाप्त हो चुकी है।
