ब्राजील से सोयामील के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी

20-May-2025 01:40 PM

परानागुआ। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील विदेश व्यापार सचिवालय द्वारा जारी आंकड़ों से ज्ञात होता है कि चालू माह के शुरुआती 9 दिनों के दौरान देश से करीब 9.90 लाख टन सोयामील का निर्यात हुआ जो गत वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 60.2 प्रतिशत ज्यादा रहा। ध्यान देने की बात है कि वहां से मई 2024 की पूरी अवधि में लगभग 21.60 लाख टन सोया डीओसी का शिपमेंट किया गया था। 

ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल और सोयामील के निर्यात में भी तीन शीर्ष देशों की सूची में शामिल है।

मई 2025 में अभी तक ब्राजील से करीब 1.65 लाख टन सोयामील का औसत दैनिक निर्यात हुआ है। वहां चालू वर्ष के दौरान सोयाबीन का उत्पादन तेजी से उछलकर 1690 लाख टन के ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है। कुछ समीक्षक सोयाबीन का उत्पादन 1680-1690 लाख टन के बीच होने की संभावना व्यक्त कर रहे हैं। 

ब्राजील की संघीय एजेंसी- कोनाब ने चालू वर्ष के दौरान देश से सोयाबीन के निर्यात का अनुमान बढ़ाकर 1060 लाख टन निर्धारित कर दिया है। इसके 70 प्रतिशत भाग का शिपमेंट अकेले चीन को होने की संभावना है।

कोनाब ने सोयाबीन का घरेलू उत्पादन 1683 लाख टन होने की संभावना व्यक्त की है जो देश के इतिहास का सबसे ऊंचा उत्पादन स्तर है।

पिछले साल की तुलना में इस बार ब्राजील में सोयामील का भाव नीचे चल रहा है जिससे विदेशी आयातक इसकी खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखा  रहे हैं।

आगामी समय में भी वहां से सोयाबीन एवं इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों- सोया तेल एवं सोयामील के निर्यात का प्रदर्शन बेहतर रहने के आसार हैं।