चालू वर्ष में कनाडा की दलहनों का निर्यात प्रदर्शन बेहतर रहने की उम्मीद
05-Jan-2026 01:04 PM
वैंकुवर। कनाडा के दलहनों एवं विशिष्ट फसलों के उत्पादकों को 2026 का नया साल अपेक्षाकृत बेहतर परिणाम देने वाला साबित होने की उम्मीद है।
दरअसल उसके लिए कुछ सकारात्मक परिस्तिथियां बनती नजर आ रही हैं। चीन ने कनाडाई मटर पर 100 प्रतिशत का भारी-भरकम आयात शुल्क लगा रखा है।
इस सीमा शुल्क को हटाने के मुद्दे पर विचार-विमर्श करने के लिए दोनों देशों के शीर्ष मंत्रियों एवं अधिकारियों की बैठक इस वर्ष हो सकती है।
चीन कनाडाई मटर का प्रमुख खरीदार रहा है लेकिन मार्च 2025 में 100 प्रतिशत का सीमा शुल्क लागू होने के बाद वहां इसका आयात लगभग ठप्प पड़ गया।
छह माह पूर्व कनाडा के दलहन उत्पादकों एवं निर्यातकों की चिंता काफी बढ़ी हुई थी लेकिन अब उसमें कुछ कमी आ गई है।
कनाडाई व्यापार विश्लेषकों के अनुसार भारत सरकार के अधिकारियों द्वारा यह संकेत दिया जा रहा है कि सरकार प्रति वर्ष एक गैर निर्धारित मात्रा में पीली मटर के आयात के लिए अपने बाजार को निश्चित रूप से खुला रखने की गारंटी के साथ एक समझौता करने की इच्छुक है।
इससे प्रतीत होता है कि भारत में 31 मार्च 2026 के बाद भी पीली मटर के आयात पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा लेकिन इस पर लागू हो सकता है।
यह भी संभव है कि देश में पीली मटर के आयात पर मात्रात्मक नियंत्रण लगा दिया जाए। रबी कालीन दलहन फसलों की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है और इसके उत्पादन क्षेत्र में कुछ इजाफा हुआ है।
