चना की अगुवाई में दलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से आगे
10-Dec-2024 11:29 AM
नई दिल्ली । कम स्टॉक तथा ऊंचे बाजार भाव को देखते हुए वर्तमान रबी सीजन के दौरान चना के बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद की जा रही है जिसके आरंभिक संकेत भी मिल रहे हैं।
इसी तरह मसूर की बिजाई भी गत वर्ष से कुछ आगे चल रही है मगर मटर, उड़द, मूंग, कुलथी एवं खेसारी जैसी दलहन फसलों का रकबा पीछे है। दलहन फसलों की बिजाई की प्रक्रिया अभी जारी है और इसलिए आगे क्षेत्रफल में सुधार आने के आसार बरकरार हैं।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार रबी कालीन दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 120.65 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 115.70 लाख हेक्टेयर से करीब 5 लाख हेक्टेयर अधिक है लेकिन सामान्य औसत क्षेत्रफल 140.44 लाख हेक्टेयर से लगभग 20 लाख हेक्टेयर पीछे है।
गत वर्ष की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान चना का उत्पादन क्षेत्र 80.35 लाख हेक्टेयर से उछलकर 86.10 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है लेकिन यह सामान्य औसत क्षेत्रफल 101 लाख हेक्टेयर से काफी पीछे है।
इसी तरह मसूर का बिजाई क्षेत्र तो गत वर्ष के 14.50 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 14.75 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है मगर यह 15.30 लाख हेक्टेयर के सामान्य औसत क्षेत्रफल से कुछ पीछे है।
दूसरी ओर अन्य दलहन फसलों के उत्पादन क्षेत्र में न केवल पिछले साल की तुलना में बल्कि सामान्य औसत क्षेत्रफल के मुकाबले भी गिरावट देखी जा रही है।
मटर का रकबा 8.10 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है जो गत वर्ष के लगभग बराबर ही है। लेकिन उड़द, मूंग, कुलथी एवं खेसारी का रकबा काफी पीछे है। उम्मीद की जा रही है कि आगामी दिनों में रकबा बढ़ सकता है।
