चीनी का घरेलू उत्पादन 257 लाख टन के करीब पहुंचा
01-May-2025 08:26 PM
नई दिल्ली। प्राइवेट चीनी मिलों की शीर्ष प्रतिनिधि संस्था- इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि चालू मार्केटिंग सीजन में 1 अक्टूबर 2024 से 30 अप्रैल 2025 के सात महीनों में देश के अंदर कुल 256.90 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ।
इसके तहत उत्तर प्रदेश में 92.40 लाख टन, महाराष्ट्र में 80.87 लाख टन, कर्नाटक में 40.40 लाख टन, गुजरात में 8.92 लाख टन, तमिलनाडु में 4.75 लाख टन तथा देश के अन्य राज्यों- बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना,
राजस्थान एवं उड़ीसा में संयुक्त रूप से 29.56 लाख टन चीनी का उत्पादन शामिल है। 30 अप्रैल 2025 को देश में 19 चीनी मिलें क्रियाशील थीं।
इस्मा की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश में 10, महाराष्ट्र में 1, और तमिलनाडु में 8 चीनी मिलों में गन्ना की क्रशिंग अभी जारी है जिससे चीनी के उत्पादन की मात्रा में आगे कुछ और वृद्धि हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान महाराष्ट्र में 200, उत्तर प्रदेश में 122, कर्नाटक में 80, तमिलनाडु में 30, गुजरात में 15 तथा अन्य राज्यों में 87 इकाइयों सहित राष्ट्रीय स्तर पर कुल 534 चीनी मिलों में गन्ना की क्रशिंग आरंभ हुई थी जिसमें से 515 प्लांट बंद हो चुके हैं। शेष इकाइयां भी अगले कुछ दिनों में बंद हो सकती है।
इस्मा की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश इस बार महाराष्ट्र को पीछे छोड़कर देश में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य बन गया है। वहां अभी 10 इकाइयां क्रियाशील हैं जिसमें से 8 मिलें पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अवस्थित हैं।
इन प्लांटों में अगले 7 से 10 दिनों तक गन्ना की क्रशिंग जारी रहने की संभावना है। इधर महराष्ट्र से पुणे जिले में एक मिल चालू है जिसमें मई के दूसरे सप्ताह तक गन्ना की क्रशिंग जारी रह सकती है
उधर दक्षिणी कर्नाटक एवं तमिलनाडु की कुछ चीनी मिलों में जून / जुलाई से सितम्बर तक गन्ना क्रशिंग का विशेष सत्र शुरू होने वाला है जिससे 2024-25 सीजन के कुल चीनी उत्पादन का आंकड़ा कुछ बड़ा हो सकता है।
परम्परागत रूप से वहां गन्ना क्रशिंग के इस विशेष सत्र में 4-5 लाख टन चीनी का उत्पादन होता रहा है। इसे देखते हुए प्रतीत होता है कि वर्तमान मार्केटिंग सीजन की पूरी अवधि में चीनी का कुल उत्पादन 260 लाख टन से ऊपर पहुंच सकता है। खाद्य मंत्रालय ने 260 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान लगाया है।
गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का सीजन 15 मई तक समाप्त हो जाने की संभावना है और एक माह के अंतराल के बाद तमिलनाडु एवं कर्नाटक में गन्ना की दोबारा क्रशिंग आरंभ हो सकती है। चीनी का निर्यात प्रदर्शन काफी कमजोर चल रहा है।
