चीन को पीछे छोड़कर भारत बना सबसे प्रमुख चावल उत्पादक देश

05-Jan-2026 10:50 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने दावा किया है कि चीन को पीछे छोड़कर भारत अब दुनिया में चावल का सबसे प्रमुख उत्पादक देश बन गया है जबकि यह सबसे बड़ा निर्यातक देश पहले से ही बना हुआ है।

कृषि मंत्री के मुताबिक भारत में चावल का उत्पादन बढ़कर 1501.80 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया है जो विश्व के किसी भी अन्य देश से ज्यादा है। 

कृषि मंत्री ने 25 फसलों की 184 नई किस्मों को व्यावसायिक खेती के लिए जारी करते हुए कहा कि इन उच्च उपज दर वाली किस्मों के बीजों का इस्तेमाल होने से विभिन्न फसलों के उत्पादन में भारी वृद्धि होगी और किसानों की आमदनी बढ़ जाएगी।

उन्होंने अपने मंत्रालय के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि विभिन्न फसलों की ये नई किस्में यथाशीघ्र किसानों को उपलब्ध हो जाए।

उल्लेखनीय है कि इन नई किस्मों का विकास भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा किया गया है और जल्दी ही खेतों में इसका इस्तेमाल शुरू हो जाएगा। 

कृषि मंत्री का कहना था कि भारत को उच्च उपज दर वाली फसलों की नई किस्मों के बीज का विकास करने में शानदार सफलता हासिल हुई है।

वर्ष 1969 से अब तक विभिन्न फसलों की कुल 7205 किस्मों के बीज का विकास किया जा चुका है जिसमें धान, गेहूं, ज्वार, मक्का, दलहन, तिलहन, कपास, गन्ना और जूट आदि शामिल है। 

भारत में धान की खेती सभी राज्यों में होती है और इसके रकबे में हाल के वर्षों में जोरदार बढ़ोत्तरी हुई है। नई किस्मों की खेती ज्यादा क्षेत्रफल में होने से औसत उपज दर में नियमित रूप से इजाफा हो रहा है। इसके फलस्वरूप भारत अब संसार में धान-चावल का सबसे बड़ा उत्पादक देश बन गया है।