चीन में ब्राजील से अप्रैल में सोयाबीन का आयात 22 प्रतिशत घटा

20-May-2025 04:19 PM

शंघाई। अप्रैल 2024 की तुलना में अप्रैल 2025 के दौरान चीन में ब्राजील से सोयाबीन का आयात 23.2 प्रतिशत घटकर 46 लाख टन पर अटक गया।

ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी में इस वर्ष देर हो गई और कुछ परिवहन की समस्या भी रही। इसके अलावा कस्टम क्लीयरेंस में लम्बा समय लगने से शिपमेंट में बाधा पड़ी और बंदरगाहों पर से जहाज सही समय पर रवाना नहीं हो सके। 

ब्राजील की भांति अमरीका से भी चीन में अप्रैल के दौरान सोयाबीन का आयात 43.7 प्रतिशत घटकर 1380 लाख टन पर अटक गया। उल्लेखनीय है कि ब्राजील के बाद अमरीका ही चीन को सोयाबीन की आपूर्ति करने वाला दूसरा सबसे प्रमुख देश है।

समझा जाता है कि सीमा शुल्क के मुद्दे पर अनिश्चितता बरकरार रहने के कारण चीन के कई आयातक ब्राजील की तरफ आकर्षित हो गए। अप्रैल 2025 के दौरान चीन में सोयाबीन का कुल आयात घटकर 60.80 लाख टन पर अटक गया जो वर्ष 2015 के बाद इस माह का सबसे निचला आयात स्तर रहा। 

चीन के सामान्य सीमा शुल्क प्रशासन के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि चालू कैलेंडर वर्ष के शुरुआती चार महीनों में यानी जनवरी-अप्रैल 2025 के दौरान चीन में ब्राजील से सोयाबीन का कुल आयात 42.5 प्रतिशत घटकर 91.40 लाख टन पर अटक गया जबकि अमरीका से इस महत्वपूर्ण तिलहन का आयात 35.2 प्रतिशत उछलकर 129.50 लाख टन पर पहुंच गया। 

इन दोनों देशों के अलावा चीन में अर्जेन्टीना तथा उरुग्वे-पराग्वे सहित कुछ अन्य देशों से भी थोड़ी-बहुत   मात्रा में सोयाबीन का आयात किया जाता है।

अमरीका से सीमा शुल्क के मुद्दे पर अस्थायी रूप से सहमति बन गई है जिससे चीन में सोयाबीन का आयात मई में बढ़ने की संभावना है।

उधर ब्राजील से शिपमेंट में देरी के कारण जो जहाज अप्रैल में चाइनीज बंदरगाह पर नहीं पहुंच पाए थे वे भी मई में पहुंच जाएंगे। चीन संसार में सोयाबीन का सबसे प्रमुख आयातक देश है।