चीन में मटर का आयात 48 प्रतिशत घटा
31-Jan-2025 12:46 PM
शंघाई । मटर के एक प्रमुख आयातक देश-चीन में वर्ष 2024 के दौरान इस महत्वपूर्ण दलहन के आयात में भारी गिरावट दर्ज की गई।
जेनरल कस्टम्स एडमिनिस्ट्रेशन के आंकड़ों के अनुसार जनवरी-दिसम्बर 2024 के दौरान चीन में मटर का आयात लुढ़ककर 13.91 लाख टन के आसपास रह गया जो वर्ष 2025 के सकल आयात से 48 प्रतिशत कम रहा।
इसी तरह नवम्बर की तुलना में दिसम्बर 2024 के दौरान वहां मटर का आयात 2.07 लाख टन से 50 प्रतिशत से भी ज्यादा घटकर 1.00 लाख टन पर अटक गया। उल्लेखनीय है कि चीन में मुख्यतः कनाडा एवं रूस से मटर का आयात होता है।
दिसम्बर 2024 के दौरान चीन में कनाडा से 45,730 टन, रूस से 39,843 टन तथा अमरीका से 5871 टन मटर का आयात अन्य देशों से किया गया।
कनाडा तथा रूस से भारत में भी विशाल मात्रा में पीली मटर का आयात किया जाता है। इसके शुल्क मुक्त आयात की अवधि 28 फरवरी 2025 तक बढ़ा दी गई है।
उधर यूक्रेन से जनवरी-नवम्बर 2023 की तुलना में जनवरी-नवम्बर 2024 के दौरान मटर का निर्यात 61 प्रतिशत उछलकर 3.70 लाख टन के करीब पहुंच गया लेकिन अक्टूबर के मुकाबले नवम्बर 2024 में इसका निर्यात 13,282 टन से घटकर 6974 टन रह गया।
नवम्बर 2024 में यूक्रेन से बुलगारिया को 2078 टन, मलेशिया को 1873 टन तथा इंग्लैंड को 423 टन मटर का निर्यात हुआ।
चीन में मटर का आयात दलहन के रुप में खाद्य उद्देश्य के लिए तथा पशु आहार निर्माण में होता है। इसके अलावा वहां मटर से सूक्ष्म पोषक तत्वों का भी निर्माण किया जाता है। भारत में मटर का उपयोग मुख्यत: देसी चना के एक बेहतर विकल्प के तौर पर किया जाता है।
