चावल का वैश्विक उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान
14-Aug-2025 10:47 AM
नई दिल्ली। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने अपनी नवीनतम मासिक रिपोर्ट में 2025-26 के मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान चावल का वैश्विक उत्पादन बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाते हुए इसके वैश्विक कारोबार में भी अच्छी बढ़ोत्तरी होने की संभावना व्यक्त की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इराक में चावल का आयात शीर्ष स्तर पर पहुंच सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार चावल का वैश्विक उत्पादन उछलकर 54.10 करोड़ टन और वैश्विक उपयोग बढ़कर 54.20 करोड़ टन पर पहुंच जाने का अनुमान है। म्यांमार एवं अमरीका में चावल की खपत का अनुमान कुछ बढ़ाया गया है। नाइजीरिया के आंकड़ों में भी बदलाव हुआ है।
उस्डा के मुताबिक 2025-26 सीजन के दौरान चावल का वैश्विक कारोबार कुछ सुधरकर 620.40 लाख टन पर पहुंच सकता है और भारत काफी बड़े अंतर के साथ इसका सबसे प्रमुख निर्यातक देश बना रहेगा।
लेकिन चावल के वैश्विक बकाया स्टॉक में कुछ गिरावट आने की संभावना है। इसके तहत खासकर नाइजरिया फिलीपींस और म्यांमार (बर्मा) में स्टॉक घटेगा।
उधर संयुक्त राष्ट्र संघ की अधीनस्थ एजेंसी- खाद्य एवं कृषि संगठन (फाओ) ने कहा है कि चावल उत्पादन के लिए वैश्विक परिस्थितियां एवं परिदृश्य अनुकूल है। चीन में अगैती डबल क्रॉप वाले धान की कटाई हो रही है जबकि लेट डबल क्रॉप के तहत बिजाई की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
2025-26 के मार्केटिंग सीजन हेतु चावल की वैश्विक आपूर्ति का अनुमान कुछ बढ़ाया गया है लेकिन अगले कुछ महीनों का मौसम धान की फसल के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। दक्षिण एशिया और खास कर भारत में मौसम की हालत काफी हद तक अनुकूल है।
इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल की रिपोर्ट में भी 2025-26 सीजन के दौरान चावल के वैश्विक उत्पादन में कुछ बढ़ोत्तरी होने का अनुमान लगाया गया है।
इसके तहत खासकर प्रमुख निर्यातक देशों में उत्पादन सुधरने की उम्मीद व्यक्त की गई है। इसी तरह एशिया और अफ्रीका में चावल की मांग और खपत बढ़ने का अनुमान लगाया गया है।
