छोटी इलायची की अनधिकृत नीलामियों में व्यापारियों को भाग नहीं लेने की सलाह
21-Aug-2025 04:06 PM
कोच्चि। भारतीय मसाला बोर्ड ने एक ठोस एडवाइजरी जारी करते हुए सभी सम्बद्ध पक्षों, व्यापारियों एवं आम लोगों से आग्रह किया है कि छोटी इलायची के लिए आयोजित होने वाली नीलामियों में भाग न लें और इससे दूर रहें। मसाला बोर्ड का कहना है कि इस तरह की नीलामी 'कार्डामम (लाइसेंसिंग एंड मार्केटिंग) रूल्स 1987 के प्रावधानों का खुल्लम खुल्ला उल्लंघन है।
बोर्ड ने चेतावनी दी है कि गैर लाइसेंसी नीलामियों में छोटी इलायची की खरीद- बिक्री करने वालों के खिलाफ मौजूदा विनियामक (रेग्युलेटरी) फ्रेमवर्क के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने एडवायजरी के माध्यम से भारत में इलायची के कारोबार में पारदर्शिता, स्वच्छता एवं समानता सुनिश्चित और सुरक्षित करने के प्रति अपना संकल्प व्यक्त किया है।
एडवायजरी में कहा गया है कि हाल के महीनों में मसाला बोर्ड ने अवलोकन किया है कुछ खास फर्मों एवं प्रतिष्ठानों द्वारा एवं छोटी इलायची में अनेतिक ढंग से नीलामी बिक्री आयोजित किया जा रहा है जबकि उसके पास इसका कोई अधिकार नहीं है। कुछ मामले ऐसे भी सामने आए हैं कि लाइसेंस प्राप्त डीलर्स द्वारा भी इस तरह की गतिविधि संचालित की जा रही है।
कार्डामम लाइसेंसिंग एंड मार्केटिंग (सीएलएम) रूल्स के अंतर्गत केवल उन्ही व्यक्तियों अथवा फर्मों द्वारा नीलामी आयोजित की जा सकती है जिसे मसाला बोर्ड द्वारा आधिकारिक तौर पर वैध लाइसेंस जारी किया गया है। ऐसी फर्मों को वैधानिक रूप से नीलामी आयोजित करने की अनुमति दी गई है और उसे नीलामीकर्ता या डीलर्स की मान्यता प्रदान की गई है।
लाइसेंस प्राप्त नीलामीकर्ताओं को भी सिर्फ मसाला बोर्ड द्वारा स्वीकृत स्थान, तिथि एवं समय के हिसाब से नीलामी करनी होती है। इन नियमों का उल्लंघन करना न केवल सीएलएम रूल्स के विपरीत है बल्कि इससे बाजार का ताना-बाना भी प्रभावित होता है। इससे कारोबार में पारदर्शिता का अभाव रहता है और मूल्य डिस्कवरी का मैकेनिज्म प्रभावित होता है।
इसके अलावा अनधिकृत नीलामी से लाइसेंस युक्त नीलामी कर्ताओं पर प्रतिकूल असर पड़ता है और राजस्व का भी नुकसान होता है। वर्तमान समय में केरल के पुट्टादी तथा तमिलनाडु के बोदीनायकन्नूर में छोटी इलायची में ई-नीलामी आयोजित होती है। इसके अलावा कुछ अन्य राज्यों में मैन्युअल नीलामी केन्द्रों को भी मान्यता प्रदान की गई है।
