छत्तीसगढ़ में धान की जोरदार खरीद जारी- 25 प्रतिशत लक्ष्य हासिल
14-Dec-2024 12:39 PM
रायपुर । केन्द्रीय पूल में चावल का योगदान देने वाले एक अग्रणी राज्य- छत्तीसगढ़ में किसानों से धान की जोरदार सरकारी खरीद हो रही है। इस बार राज्य में 14 नवम्बर से धान की खरीद आरंभ हुई और 28 दिनों के अंदर ही वहां 160 लाख टन के कुल नियत लक्ष्य के 25 प्रतिशत से अधिक भाग की खरीद पूरी हो गई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में अभी तक 45.70 लाख टन से ज्यादा धान खरीदा जा चुका है और इसके एवज में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के मध्यम से किसानों के बैंक खाते में 10,000 करोड़ रुपए की राशि जमा की जा चुकी है।
फिलहाल छत्तीसगढ़ के धान उत्पादकों को 2300 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है जबकि इनपुट सब्सिडी के तौर पर उन्हें 800 रुपए प्रति क्विंटल की दर से बाद में राशि का भुगतान किया जाएगा।
धान की खरीद के बाद उसका उठाव भी तेजी से हो रहा है और चावल मिलों में उसकी मिलिंग-प्रोसेसिंग भी आरंभ हो गई है इसलिए मंडियों में धान का अम्बार नहीं लग रहा है और न ही किसानों को वहां अपना उत्पाद लाने में समस्या हो रही है।
रजिस्ट्रेशन के लिए मिलर्स की ओर से करीब 865 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिसमें से 252 चावल मिलों का नामांकन हो चुका है।
छत्तीसगढ़ में इस बार धान की खरीद के लिए 2739 क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं। राज्य के 27.68 लाख किसानों ने धान की बिक्री के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है और इसमें से 6.80 लाख किसान अपने धान की बिक्री कर चुके हैं।
धान की पैकिंग के लिए गन्नी बोरियों के 4 लाख बंडल की जरूरत पड़ेगी जिसमें से 3.51 लाख बंडल पहले ही उपलब्ध करवाया जा चुका है जबकि शेष बंडल अगले 15 दिनों के अंदर मुहैया करवाया जाएगा।
