एमएसपी पर रिकॉर्ड 45 लाख टन दलहनों की खरीद की मंजूरी

17-Mar-2025 10:57 AM

नई दिल्ली। बेहतर घरेलू उत्पादन की उम्मीद, बढ़ती आवक, विदेशों से भारी आयात एवं कमजोर मांग के कारण प्रमुख उत्पादक राज्यों की थोक मंडियों में विभिन्न दलहनों का भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे आ गया है जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

इसे देखते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के लिए मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत 45 लाख टन दलहनों की रिकॉर्ड खरीद करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पीएसएस के अंतर्गत कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं तमिलनाडु सहित अन्य प्रमुख उत्पादक प्रांतों में किसानों से खरीफ और रबी दोनों सीजन में अरहर (तुवर), चना, उड़द मसूर एवं मूंग की खरीद करने की स्वीकृति दी गई है।

इससे लाखों किसानों को राहत मिलेगी। 2024-25 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन में दलहनों की सरकारी खरीद की जिस मात्रा की मंजूरी दी गई है वह अब तक की सबसे बड़ी मात्रा है।

केन्द्र सरकार तुवर, उड़द एवं मसूर की 100 प्रतिशत मात्रा की खरीद करने के लिए अपनी वचनबद्धता की घोषणा पहले ही कर चुकी है जबकि इस बार केन्द्रीय पूल के लिए चना तथा मूंग की भारी खरीद भी की जाएगी। अब केवल राजस्थान से चना की खरीद के लिए प्रस्ताव आने का इंतजार है।

केन्द्रीय पूल में दलहनों का स्टॉक घटकर न्यूनतम निर्धारित (आवश्यक) मात्रा के आधे से भी कम रह गया है इसलिए सहकारी क्षेत्र की दोनों केन्द्रीय एजेंसियां- नैफेड तथा एनसीसीएफ अब किसानों से दलहनों की भारी खरीद के लिए प्रांतीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं ताकि किसानों को एमएसपी का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

2024-25 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के लिए 13.20 लाख टन तुवर की खरीद की स्वीकृति दी गई है जिसमें से करीब 1.40 लाख टन की खरीद हो चुकी है। 

जहां तक रबी सीजन का सवाल है तो इसमें 21.16 लाख टन चना, 9.40 लाख टन मसूर, 90 हजार टन उड़द एवं 13,500 टन मूंग की खरीद की अनुमति दी गई है।

राजस्थान में करीब 4 लाख टन चना की खरीद होने की संभावना है मगर अभी वहां इसका औपचारिक प्रस्ताव लंबित है।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इससे पूर्व 2017-18 के सीजन में लगभग 45 लाख टन दलहनों की रिकॉर्ड सरकारी खरीद हुई थी लेकिन हाल के वर्षों में खरीद की मात्रा तेजी से घटी है।

2021-22 के सीजन में 30.30 लाख टन, 2022-23 में 28.30 लाख टन तथा 2023-24 में केवल 6.90 लाख टन दलहन खरीदा जा सका।