एथनॉल उत्पादन के प्रोत्साहन की नीति से चीनी कंपनियों के शेयर मूल्य में सुधार

31-Aug-2024 01:15 PM

मुम्बई । केन्द्र सरकार द्वारा 2024-25 के मार्केटिंग सीजन (नवम्बर-अक्टूबर) में एथनॉल का घरेलू उत्पादन बढ़ाने के लिए मिलर्स एवं डिस्टीलर्स को एथनॉल निर्यात में अपनी मर्जी एवं जरूरत के अनुसार चीनी का उपयोग करने की अनुमति दी गई है और इस पर 2023-24 के सीजन में लागू मात्रात्मक नियंत्रण को समाप्त कर दिया गया है।

इससे एथनॉल के निर्माण में संलग्न चीनी उत्पादक कंपनियों के शेयर मूल्य में पिछले दिन कुछ सुधार आ गया। एक सरकारी अधिसूचना में कहा गया है

कि 1 नवम्बर 2024 से आरंभ होने वाले नए मार्केटिंग सीजन के दौरान चीनी उद्योग को एथनॉल का उत्पादन करने हेतु गन्ना जूस या सीरप के साथ-साथ दोनों श्रेणियों के शीरा (बी-हैवी एवं सी-हैवी) का उपयोग करने की अनुमति होगी।

सरकार के इस निर्णय से देश में एथनॉल के उत्पादन तथा चीनी मिलर्स / डिस्टीलर्स के राजस्व में इजाफा होगा। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि चीनी निर्माता कंपनियों के शेयर मूल्य में आगे और वृद्धि हो सकती है।

कंपनियों की साख एवं आमदनी बढ़ जाएगी। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में कुल 37 चीनी कंपनियां सूचीबद्ध हैं जिसमें से 35 फर्मों के शेयर मूल्य में 30 अगस्त को वृद्धि दर्ज की गई।

इसमें अधिकांश नामी-गिरामी कम्पनियां शामिल हैं। कंपनियों के शेयर मूल्य में वृद्धि होने से उसे अच्छी आमदनी प्राप्त होगी जिससे चीनी तथा एथनॉल का उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

सरकार ने सही समय पर अपना निर्णय घोषित करके चीनी कंपनियों को अपनी रणनीति बनाने का पर्याप्त अवसर प्रदान किया है।