फाओ का चावल मूल्य सूचकांक घटकर 8 वर्षों के निचले स्तर पर आया
06-Dec-2025 01:23 PM
रोम। संयुक्त राष्ट्र संघ की अधीनस्थ एजेंसी- खाद्य एवं कृषि संगठन (फाओ) का चावल मूल्य सूचकांक अक्टूबर की तुलना में नवम्बर 2025 के दौरान 1.5 प्रतिशत घटकर 96.9 अंक पर आ गया जो नवम्बर 2024 की तुलना में करीब 20 प्रतिशत कम तथा अप्रैल 2017 के बाद का सबसे निचला स्तर है।
इस सूचकांक में सभी किस्मों के चावल शामिल है। दरअसल वैश्विक बाजार में भरपूर आपूर्ति के बीच कमजोर मांग के कारण विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों के चावल की कीमतों में नवम्बर के दौरान गिरावट आ गई और मूल्य सूचकांक घटकर नीचे आ गया। फाओ की रिपोर्ट के अनुसार इंडिया तथा सुगंधित चावल के दाम में विशेष कमी आई।
अक्टूबर के मुकाबले नवम्बर के दौरान इंडिका चावल के मूल्य में 1.3 प्रतिशत तथा सुगंधित चावल के भाव में 3.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
दूसरी ओर पूर्वी अफ्रीका के देशों में आयात टेंडर जारी होने से जैपोनिका चावल के दाम में 2.8 प्रतिशत तथा चीन की मांग सुधरने से ग्लुटिनस चावल के मूल्य में 1.7 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इस तरह विभिन्न किस्मों के चावल में विभिन्न रुख देखा गया।
जहां तक इंडिका चावल का सवाल है तो इसके दाम में भी एशिया के विभिन्न आपूर्तिकर्ता देशों में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। थाईलैंड में कुछ सरकारी उपायों के सहारे इस चावल के दाम में थोड़ा सुधार आया।
थाईलैंड द्वारा चीन एवं सिंगापुर के साथ सरकारी स्तर पर चावल के कारोबार का करार भी किया गया। इस तरह पाकिस्तानी चावल की कीमतों में भी मामूली वृद्धि हुई लेकिन भारतीय सफेद चावल के मूल्य में गिरावट का सिलसिला जारी रहा।
नए माल की भरपूर आवक होने तथा सरकारी खरीद की गति तेज रहने से बाजार नरम पड़ गया। सरकार के पास पहले से ही चावल का विशाल स्टॉक मौजूद है जबकि नई खरीद से इसमें और भी इजाफा हो जाएगा।
