गेहूं के कुल वैश्विक आपूर्ति के अनुमान में वृद्धि

13-Jan-2026 08:23 PM

वाशिंगटन। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के लिए गेहूं की वैश्विक आपूर्ति एवं उपलब्धता का अनुमान 43 लाख टन बढ़ाकर अब 1.10 अरब टन निर्धारित किया है जिसमें उत्पादन के साथ बकाया स्टॉक भी शामिल है।

उस्डा ने अपनी नई मासिक रिपोर्ट में रूस तथा अर्जेन्टीना में गेहूं के उत्पादन का अनुमान बढ़ाया है जबकि तुर्की में उत्पादन घटने की संभावना व्यक्त की है। 

उस्डा ने अर्जेन्टीना में गेहूं के उत्पादन का अनुमान 35 लाख टन बढ़ाकर अब 275 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर निर्धारित किया है जो 2024-25 सीजन की तुलना में करीब 50 प्रतिशत ज्यादा है।

इसी तरह रूस में भी गेहूं का उत्पादन अनुमान 20 लाख टन की वृद्धि के साथ 900 लाख टन नियत किया गया है। इन दोनों देशों में फसल की औसत उपज दर में होने वाली वृद्धि के आधार पर उत्पादन का अनुमान बढ़ाया गया है। इसके फलस्वरूप चीन और भारत के बाद रूस गेहूं का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश बना रहेगा। 

उत्पादन की भांति उस्डा ने 2025-26 के सीजन हेतु गेहूं के वैश्विक उपयोग का अनुमान भी 9 लाख टन बढ़ाकर अब 82.34 करोड़ टन निर्धारित किया है।

इसके तहत खासकर रूस, यूक्रेन तथा मोरक्को में गेहूं की खपत बढ़ने की संभावना व्यक्त की गई है। गेहूं का वैश्विक कारोबार 21.98 करोड़ टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है जो पिछले अनुमान से 11 लाख टन ज्यादा है।

इसके तहत अर्जेन्टीना एवं कजाकिस्तान से गेहूं का निर्यात बढ़ने तथा यूरोपीय संघ एवं यूक्रेन से शिपमेंट घटने की संभावना व्यक्त की गई है।

मांग एवं आपूर्ति का समीकरण पूरा होने के बाद उस्डा ने 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के अंत में गेहूं का वैश्विक बकाया स्टॉक 27.83 करोड़ टन रहने की संभावना जताई है जो पिछले माह के अनुमान से 34 लाख टन अधिक है।  

2025-26 के सीजन में भारत में 1179.50 लाख टन गेहूं के उत्पादन का अनुमान लगाते हुए उस्डा ने इसके घरेलू उपयोग के अनुमान को 1125.10 लाख टन के पिछले स्तर पर ही बरकरार रखा है और इसके अंतिम अधिशेष स्टॉक के अनुमान 172.40 लाख टन के आंकड़े में भी कोई बदलाव नहीं किया है।