गेहूं का उत्पादन सरकारी लक्ष्य तक पहुंचने की उम्मीद

31-Dec-2025 08:15 PM

नई दिल्ली। बिजाई क्षेत्र में हो रही प्रगति तथा मौसम की अनुकूल स्थिति को देखते हुए सरकार को एक बार फिर गेहूं का उत्पादन बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्तमान रबी सीजन में 26 दिसम्बर तक गेहूं का उत्पादन क्षेत्र सुधरकर 322.68 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया

जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 322.49 लाख हेक्टेयर से 19 हजार हेक्टेयर तथा पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 312.35 लाख हेक्टेयर से 10.33 लाख हेक्टेयर ज्यादा है।

उल्लेखनीय है कि 2024-25 के सम्पूर्ण रबी सीजन में राष्ट्रीय स्तर पर गेहूं का सकल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 328.04 लाख हेक्टेयर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था

जबकि मौजूदा सीजन का रकबा अभी उससे 5-6 लाख हेक्टेयर पीछे है। गेहूं की बिजाई का अभियान अंतिम चरण में जरूर पहुंच गया है लेकिन अभी समाप्त नहीं हुआ है। 

केन्द्र सरकार ने 2025-26 के रबी सीजन हेतु कुल 1711.40 लाख टन खाद्यान्न के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है जिसमें 1190 लाख टन गेहूं के उत्पादन का लक्ष्य भी शामिल है।

2024-25 के रबी सीजन में गेहूं का उत्पादन 1179 लाख टन आंका गया था जो इस समय के लिए नया रिकॉर्ड स्तर था। सरकार को भरोसा है कि गेहूं का कुल बिजाई क्षेत्र पिछले सीजन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाएगा

और मौसम की हालत अनुकूल रहने पर इसके उत्पादन का लक्ष्य भी आसानी से हासिल हो जाएगा। इससे घरेलू प्रभाग में गेहूं की आपूर्ति की स्थिति सुगम बनी रहेगी।