गेहूं खरीद में प्रगति
09-May-2026 11:34 AM
केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की सरकारी खरीद में हाल के दिनों में अच्छा सुधार आया है जिससे पिछले साल की तुलना में इस बार खरीद में गिरावट का अंतर बहुत कम रह गया है। दरअसल मध्य प्रदेश की वजह से खरीद की गति गत वर्ष से काफी धीमी चल रही थी मगर अब वहां भी रफ्तार बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। सरकारी आंकड़ों से ज्ञात होता है कि चालू रबी मार्केटिंग सीजन में 7 मई 2026 तक केन्द्रीय पूल के लिए कुल 276.67 लाख टन गेहूं खरीदा गया
जो वर्ष 2025 की समान अवधि की खरीद 285.53 लाख टन से केवल 3 प्रतिशत कम है। मालूम हो कि 30 अप्रैल तक यह अंतर 9 प्रतिशत का था। पिछले साल की तुलना में इस वर्ष 16 अप्रैल तक 39 प्रतिशत कम गेहूं की खरीद हुई थी। मध्य प्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद 50 लाख टन की सीमा को पार करते हुए 52.04 लाख टन पर पहुंची मगर फिर भी यह गत वर्ष की इसी अवधि की खरीद 77.20 लाख टन से 33 प्रतिशत कम रही। इससे पूर्व 30 अप्रैल तक वहां गेहूं की खरीद में 59 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई थी।
पिछले एक सप्ताह के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर 44.14 लाख टन गेहूं केन्द्रीय पूल के लिए खरीदा गया जो पिछले साल की इसी अवधि की खरीद 29.22 लाख टन से 51 प्रतिशत अधिक था। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि गेहूं की खरीद में अच्छी प्रगति हो रही है। मध्य प्रदेश में जो कुल 52.04 लाख टन गेहूं की खरीद हुई है उसमें से लगभग आधे भाग की खरीद 1-17 मई के दौरान हुई। वहां अधिक खरीद सुनिश्चित करने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार सक्रिय हो गई है।
नवीनतम आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की खरीद पंजाब में 5 प्रतिशत बढ़कर 120.67 लाख टन तथा हरियाणा में 15 प्रतिशत बढ़कर 80 लाख टन के करीब पहुंच गई जो 72 लाख टन के नियत लक्ष्य से भी काफी अधिक है। विभिन्न राज्यों में खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है जिससे सरकारी स्टॉक बढ़ने के आसार हैं।
