गुजरात एवं महाराष्ट्र में हुई बारिश से खरीफ फसलों को राहत
14-Sep-2026 11:09 AM
मुम्बई। पश्चिम भारत के दो महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक राज्य- महाराष्ट्र एवं गुजरात के कुछ भागों में पिछले दिन हुई अच्छी वर्षा से खरीफ फसलों की सूखती फसलों को नया जीवन दान मिला है। लेकिन अभी भी कई इलाके ऐसे हैं वहां भारी वर्षा की सख्त जरूरत बनी हुई है।
गुजरात में नवसारी तथा आसपास के जिलों में 13 सितम्बर को दूर-दूर तक अच्छी बारिश हुई जबकि कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछार पड़ी। इसी तरह महाराष्ट्र में मुम्बई समेत अन्य समीपवर्ती क्षेत्रों में हुई मूसलाधार वर्षा से खरीफ फसलों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। किसानों के चेहरे खिल गए हैं।
उल्लेखनीय है कि गुजरात मूंगफली, कपास एवं अरंडी का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है जबकि महाराष्ट्र तुवर, कपास, गन्ना एवं मक्का के अग्रणी उत्पादक राज्यों में शामिल हैं। इसके अलावा इन दोनों राज्यों में खरीफ सीजन के दौरान कई अन्य फसलों की खेती भी बड़े पैमाने पर होती है।
