गुजरात में प्रमुख रबी फसलों के उत्पादन का अग्रिम अनुमान

28-Jan-2025 01:22 PM

अहमदाबाद । देश के पश्चिमी भाग में अवस्थित एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक राज्य- गुजरात में रबी कालीन फसलों की बिजाई समाप्त होने के बाद अब इसके उत्पादन पर सबका ध्यान केन्द्रित हो गया है। कुछ जिंसों की अगैती बिजाई वाली फसल की कटाई-तैयारी अगले कुछ हफ्तों में शुरू होने वाली है। 

कृषि विभाग के मुताबिक पिछले रबी सीजन की तुलना में  इस बार कुछ फसलों के उत्पादन में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है जबकि अन्य फसलों का उत्पादन घटने की संभावना है

सबसे प्रमुख खाद्यान्न- गेहूं का उत्पादन गत वर्ष के 39 लाख टन से उछलकर इस बार 43.44 लाख टन तथा मक्का का उत्पादन 3.24 लाख टन से बढ़कर 3.55 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है।

लेकिन दूसरी ओर चना का उत्पादन 16.66 लाख टन से घटकर 15.51 लाख टन और सरसों का उत्पादन 5.26 लाख टन से गिरकर 5.14 लाख टन पर सिमटने की संभावना है। 

मसाला फसलों के संवर्ग में पिछले साल के मुकाबले इस बार जीरा का उत्पादन 4.18 लाख टन से घटकर 3.65 लाख टन पर अटक जाने की संभावना है क्योंकि इसके बिजाई क्षेत्र में भारी गिरावट आ गई।

क्षेत्रफल घटने से सौंफ की पैदावार में भी  जोरदार कमी आने की आशंका है। ईसबगोल का उत्पादन कुछ कम हो सकता है लेकिन धनिया की पैदावार में 20 हजार टन की बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है। इसका रकबा पहले घट रहा था मगर बाद में बढ़ गया।

कृषि विभाग के मुताबिक सौंफ का उत्पादन पिछले साल 2.17 लाख टन पहुंचा था जो चालू वर्ष में लुढ़ककर एक लाख टन के आसपास अटक सकता है।

इसी तरह ईसबगोल का उत्पादन 24 हजार टन से गिरकर 21 हजार टन पर सिमटने की संभावना है। इसके विपरीत धनिया का उत्पादन गत वर्ष के 2.04 लाख टन से बढ़कर इस बार 2.24 लाख टन पर पहुंचने के आसार हैं।

इससे इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति काफी हद तक सुगम बनी रह सकती है।