गुजरात में रबी फसलों की हालत संतोषजनक

07-Jan-2026 08:55 PM

राजकोट। देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात में पिछले साल के मुकाबले चालू रबी सीजन के दौरान गेहूं, मक्का, चना और सरसों जैसी प्रमुख फसलों के बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है और मौसम की हालत भी फसल के लिए काफी हद तक अनुकूल बनी हुई है।

इसके अलावा वहां बांधों-जलाशयों में पानी का पर्याप्त स्टॉक तथा सिंचाई का अच्छा प्रबंध भी मौजूद है। इससे किसानों को अपनी फसलों की अच्छी देखभाल करने में कोई परेशानी नहीं हो रही है।

आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि गत वर्ष की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान गुजरात में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 13.42 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 14.22 लाख हेक्टेयर तथा मक्का का बिजाई क्षेत्र 1.32 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 1.42 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। जौ ज्वार के रकबे में भी थोड़ी वृद्धि हुई है। 

इसी तरह दलहन फसलों में चना का उत्पादन क्षेत्र 8.40 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 8.88 लाख हेक्टेयर और तिलहन फसलों में सरसों का बिजाई क्षेत्र 2.58 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 2.81 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है।

उल्लेखनीय है कि गुजरात चना तथा सरसों के महत्वपूर्ण उत्पादक राज्यों में शामिल हो गया है। हालांकि वहां गेहूं का भी अच्छा उत्पादन होता है मगर वह केन्द्रीय पूल में इसका नगण्य योगदान देता है।