गुजरात में सौंफ का उत्पादन काफी घटने की संभावना

30-Jan-2025 08:06 PM

राजकोट । वर्ष 2024 में उत्पादकों को आकर्षक मूल्य प्राप्त नहीं होने से गुजरात में सौंफ की खेती के प्रति उसका उत्साह काफी घट गया और इसलिए इस सुगन्धित मसाले के बिजाई क्षेत्र में 50 प्रतिशत से भी अधिक की गिरावट आ गई।

राज्य कृषि विभाग के अनुसार गुजरात में सौंफ का उत्पादन क्षेत्र 2023-24 सीजन के 1,32,643 हेक्टेयर से लुढ़ककर 2024-25 के सीजन में 56,105 हेक्टेयर पर अटक गया और इस तरह क्षेत्रफल में 76,538 हेक्टेयर की जबरदस्त गिरावट आ गई। यह 6 जनवरी तक का आंकड़ा है। 

गुजरात के साथ-साथ राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में भी सौंफ की खेती होती है। वहां भी क्षेत्रफल में कुछ कमी आने के संकेत मिले हैं।

इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि सौंफ की फसल के लिए मौसम की हालत इस बार पूरी तरह अनुकूल नहीं रही जिससे इसकी औसत उपज दर में गिरावट आने की आशंका है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार गुजरात में ऊंझा तथा आसपास के क्षेत्रों राजस्थान के बीकानेर एवं बाड़मेर तथा मध्य प्रदेश के नीमच एवं रतलाम की उत्पादक मंडियों में सौंफ का स्टॉक मौजूद है और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी इसका अच्छा स्टॉक बताया जा रहा है

लेकिन यह सम्पूर्ण स्टॉक अगली फसल के उत्पादन में आने वाली गिरावट की भरपाई करने के लिए पर्याप्त साबित नहीं होगा। उत्तर प्रदेश में बारीक सौंफ का उत्पादन होता है और इसके लिए भी मौसम अनुकूल नहीं रहा। 

सौंफ की अगैती बिजाई वाली नई फसल की आवक अगले कुछ सप्ताह में आरंभ होने वाली है। इसका भाव ज्यादा नरम रहना मुश्किल लगता है।

स्टॉकिस्टों एवं दिसावरी व्यापारियों के साथ-साथ निर्यातकों की सक्रियता बरकरार रहने की संभावना है जबकि उत्पादन कम होने का प्रेशर भी रहेगा।