गन्ना जूस से निर्मित एथनॉल का दाम बढ़ाने का आग्रह

31-Jan-2025 08:14 PM

नई दिल्ली । इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने केन्द्र सरकार से गन्ना जूस तथा बी हैवी शीरा से निर्मित एथनॉल के दाम में भी उपयुक्त बढ़ोत्तरी करने पर विचार करने का आग्रह किया है ताकि चीनी उद्योग की लाभप्रदता बरकरार रहे और गन्ना किसानों को सही समय पर मूल्य का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। 

उल्लेखनीय है कि आर्थिक मामलों की केन्द्रीय कैबिनेट समिति ने 29 जनवरी को सी-हैवी शीरा से निर्मित एथनॉल का खरीद मूल्य 56.58 रुपए प्रति लीटर से 3 प्रतिशत बढ़ाकर 57.97 रुपए प्रति लीटर कर दिया लेकिन अन्य स्रोतों से निर्मित एथनॉल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया।

इसके फलस्वरूप तेल विपणन कंपनियों के लिए मक्का से बने एथनॉल का मूल्य 71.86 रुपए प्रति लीटर, गन्ना जूस / सीरप से निर्मित एथनॉल का मूल्य 65.61 रुपए प्रति लीटर, क्षतिग्रस्त खाद्यान्न (चावल) से उत्पादित एथनॉल का मूल्य 64 रुपए प्रति लीटर तथा बी हैवी शीरा (बीएचएम) से निर्मित एथनॉल का मूल्य 60.75 रुपए प्रति लीटर के पुराने स्तर पर बरकरार रहेगा। इसी तरह खाद्य निगम के रियायती मूल्य वाले चावल से निर्मित  एथनॉल का दाम भी 58.50 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर रहेगा। 

चूंकि सी हैवी शीरा में चीनी का बहुत कम अंश मौजूद रहता है इसलिए सरकार इससे एथनॉल का उत्पादन बढ़ाने के लिए डिस्टीलरीज को प्रोत्साहित करना चाहती है।

दूसरी ओर गन्ना जूस / सीरप तथा बी हैवी शीरा में चीनी की मात्रा ज्यादा होती है। चीनी के उत्पादन आंकड़े पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

सरकार एथनॉल का उत्पादन बढ़ाने की इच्छुक तो है मगर चीनी का उत्पादन भी संतोषजनक स्तर पर कायम रखना चाहती है।