ग्रेन कॉर्प को अब तक 94 लाख टन अनाज की प्राप्ति

09-Dec-2024 05:54 PM

ब्रिसबेन । ऑस्ट्रेलियाई अनाज की एक अग्रणी खरीदार एवं निर्यातक कम्पनी- ग्रेन कॉर्प को वर्तमान मार्केटिंग सीजन में अब तक 94 लाख टन शीतकालीन खाद्यान्न की प्राप्ति हो चुकी है। पिछले सप्ताह उसे उत्पादकों से 3,81,600 टन अनाज प्राप्त करने का मौका मिला था।

कम्पनी की साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार क्वींसलैंड एवं उत्तरी न्यू साउथ वेल्स प्रान्त में शीतकालीन फसलों की कटाई-तैयारी लगभग समाप्त हो चुकी है और कम्पनी को वेरिस क्रील क्षेत्र से अभी कुछ और अनाज प्राप्त हो सकता है। इससे उसकी कुल प्राप्ति बढ़कर 100 लाख टन के आसपास पहुंच सकती है। 

रिपोर्ट के मुताबिक न्यू साउथ वेल्स के अधिकांश इलाकों तथा विक्टोरिया प्रान्त में हाल के दिनों में हुई भारी वर्षा के कारण अनाज की डिलीवरी में देर हो गई।

न्यू साउथ वेल्स प्रान्त के दक्षिणी भाग में बारिश का ज्यादा जोर देखा गया। लेकिन अब मौसम की हालत नियमित रूप से सुधरती जा रही है जिससे उत्पादकों को आगामी दिनों में अनाज की आपूर्ति की गति तेज होने का भरोसा है। ऑस्ट्रेलिया में बारिश से गेहूं की क्वालिटी खराब होने की सूचना मिल रही है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 9 दिसम्बर 2024 तक ग्रेन कॉर्प को कुल 94.19 लाख टन अनाज हासिल करने में सफलता मिली। इसके तहत क्वींसलैंड में 17 लाख टन, न्यू साउथ वेल्स में 62.88 लाख टन तथा विक्टोरिया में 14.32 लाख टन का स्टॉक शामिल है।

पिछले सप्ताह के दौरान उसे क्वींसलैंड से 2500 टन, न्यू साउथ वेल्स से 1,09,600 टन तथा विक्टोरिया से 2,69,500 टन के साथ कुल 3,81,600 टन अनाज की प्राप्ति हुई।

गत सप्ताह कम्पनी द्वारा 2 लाख टन से अधिक अनाज का उठाव करके उसे सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया। देश के अन्य प्रांतों में दूसरी कम्पनी अनाज की खरीद में सक्रिय है।