हरियाणा में 4.20 लाख टन से अधिक बाजरा की सरकारी खरीद

14-Nov-2024 05:44 PM

नई दिल्ली । केन्द्र सरकार ने बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5 प्रतिशत बढ़ाकर इस बार 2625 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जबकि इसका थोक मंडी भाव खासकर हरियाणा में इससे काफी नीचे चल रहा है।

इसके फलस्वरूप सरकार को मूल्य समर्थन योजना के तहत किसानों से इसकी प्रत्यक्ष खरीद का निर्णय लेना पड़ा। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में चालू खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान 13 नवम्बर 2024 तक कुल मिलाकर 4,20,263 टन बाजरा की सरकारी खरीद हुई जिससे किसानों को काफी राहत मिली।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश में भी 17,956 बाजरा खरीदा गया है जिससे इसकी कुल मात्रा 4,38,219 टन पर पहुंच गई। फिलहाल मध्य प्रदेश महाराष्ट्र, गुजरात एवं राजस्थान जैसे उत्पादक प्रांतों में बाजरा की खरीद शुरू नहीं हुई है मगर यदि वहां कीमतों में ज्यादा गिरावट आती है तो सरकार को खरीद का निर्णय लेना पड़ सकता है। 

उल्लेखनीय है कि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष बाजरा का बिजाई क्षेत्र 70.94 लाख हेक्टेयर से गिरकर 69.91 लाख हेक्टेयर रह गया जबकि सरकार ने इसका उत्पादन 96.63 लाख टन से घटकर 93.75 लाख टन रह जाने का अनुमान लगाया है।