इंडोनेशिया में पाम तेल का उत्पादन 2024 में घटा

08-Apr-2025 03:56 PM

जकार्ता। प्रमुख उद्योग संस्था- इंडोनेशिया पाम ऑयल एसोसिएशन (इपोआ) द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि इंडोनेशिया में नवम्बर की तुलना में दिसम्बर 2024 के दौरान क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का उत्पादन 43.33 लाख टन से 10.55 प्रतिशत घटकर 38.76 लाख टन तथा पाम कर्नेल तेल का उत्पादन 4.12 लाख टन से गिरकर 3.61 लाख टन पर अटक गया।

इसे मिलाकर इंडोनेशिया में वर्ष 2024 की सम्पूर्ण अवधि (जनवरी-दिसम्बर) के दौरान सीपीओ का कुल उत्पादन 481.64 लाख टन तथा पाम कर्नेल तेल का उत्पादन 45.98 लाख टन दर्ज किया गया।

सीपीओ तथा पीकेओ का सकल उत्पादन वर्ष 2024 में 527.62 लाख टन तक ही पहुंच सका जो वर्ष 2023 के संयुक्त उत्पादन 548.44 लाख टन से 3.80 प्रतिशत कम रहा। 

एसोसिएशन द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दिसम्बर 2024 में सीपीओ तथा पीकेओ (पाम कर्नेल तेल) की कुल घरेलू खपत 21.87 लाख टन पर पहुंची जो नवम्बर की कुल खपत 20.30 लाख टन से अधिक रही।

खाद्य उद्देश्य, बायो डीजल तथा ऑलियो कैमिकल क्षेत्र में उपयोग बढ़ने से पाम तेल की खपत में वृद्धि हुई। सालाना आधार पर आंकड़ों के अवलोकन से पता चलता है कि खाद्य उद्देश्य में वर्ष 2023 के दौरान इंडोनेशिया में 102.98 लाख टन पाम तेल की खपत हुई थी जो 2024 में 0.90 प्रतिशत गिरकर 102.05 लाख टन पर अटक गई।

इसी तरह ऑलियो कैमिकल निर्माण में पाम तेल का उपयोग 2023 के 22.68 लाख टन से 2.69 प्रतिशत घटकर 2024 में 22.07 लाख टन पर सिमट गया।

लेकिन बायोडीजल निर्माण उद्योग में पाम तेल की खपत 106.47 लाख टन से 7.51 प्रतिशत बढ़कर 114.47 लाख टन पर पहुंच गई। वर्ष 2023 के दौरान इंडोनेशिया में कुल 232.13 लाख टन पाम तेल की खपत हुई थी जो 2024 में 2.78 प्रतिशत सुधरकर 238.59 लाख टन पर पहुंच गई। 

नवम्बर की तुलना में दिसम्बर 2024 के दौरान इंडोनेशियाई पाम तेल उत्पादों का निर्यात 26.37 लाख टन से 21.88 प्रतिशत घटकर 20.60 लाख टन पर अटक गया।

इसके तहत भारत में निर्यात 2.46 लाख टन तथा चीन में 39 हजार टन कम हुआ। वार्षिक आधार पर इंडोनेशियाई पाम तेल का निर्यात 2023 के 322.15 लाख टन से 26.80 लाख टन घटकर 2024 में 295.35 लाख टन की गिरावट भारत में दर्ज की गई। इसके अलावा बांग्ला देश, मलेशिया एवं अमरीका में भी निर्यात कुछ कम हुआ।