इंडोनेशिया में पाम तेल का उत्पादन 470 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान

10-Dec-2024 08:12 PM

जकार्ता । दुनिया में पाम तेल के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- इंडोनेशिया में इस महत्वपूर्ण वनस्पति तेल का उत्पादन नियमित रूप से बढ़ता जा रहा है। इसके साथ ही इसके घरेलू उपयोग एवं निर्यात में भी वृद्धि हो रही है। इंडोनेशिया में मानवीय खाद्य उद्देश्य के साथ-साथ बायोडीजल निर्माण में भी बड़े पैमाने पर पाम तेल का उपयोग हो रहा है। 

अमरीकी कृषि विभाग की विदेश कृषि सेवा के जकार्ता स्थित प्रतिनिधि कार्यालय (उस्डा पोस्ट) की रिपोर्ट के अनुसार 2024-25 के सीजन में इंडोनेशिया में ऑयल पाम के बागानों का कुल क्षेत्रफल 145 लाख हेक्टेयर रहा जो 2023-24 के क्षेत्रफल से एक लाख हेक्टेयर कम है। कुछ बागानों में पाम के पुराने पेड़ों को हटा दिया गया है। 

उस्डा पोस्ट के मुताबिक 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के दौरान इंडोनेशिया में 68.95 लाख टन के पिछला बकाया स्टॉक तथा 470 लाख टन के संभावित उत्पादन के साथ पाम तेल की कुल उपलब्धता बढ़कर 538.95 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है।

वहां विदेशों से पाम तेल का आयात नहीं होता है। इस 538.95 लाख टन के कुल स्टॉक में से 260 लाख टन पाम तेल का निर्यात होगा और 221.25 लाख टन का घरेलू उपयोग किया जाएगा।

घरेलू उपयोग के अंतर्गत 147 लाख टन पाम तेल की औद्योगिक खपत होगी, 71 लाख टन का इस्तेमाल खाद्य उद्देश्य में किया जाएगा और 3.25 लाख टन का प्रयोग फीड वेस्ट के रूप में होगा। इसके बाद मार्केटिंग सीजन के अंत में वहां 57.70 लाख टन पाम तेल का बकाया अधिशेष स्टॉक मौजूद रहेगा।