इंडोनेशिया से जून में पाम तेल का निर्यात 11.29 प्रतिशत बढ़ा
07-Aug-2025 11:34 AM

जकार्ता। दुनिया में पाम तेल के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- इंडोनेशिया के सांख्यिकी विभाग द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि जून 2024 के मुकाबले जून 2025 के दौरान देश के सभी उत्पादों का निर्यात 11.29 प्रतिशत बढ़कर 23.44 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
दरअसल अमरीका में नया टैरिफ लागू होने से पूर्व इंडोनेशियाई निर्यातकों ने वहां पाम तेल का निर्यात बढ़ाने का जोरदार प्रयास किया और इसमें उसे अच्छी सफलता भी हासिल हुई। मई में भी इंडोनेशिया से पाम तेल उत्पादों के निर्यात में 9.68 प्रतिशत का इजाफा हुआ था।
मात्रा की दृष्टि से जून में निर्यात 15.1 प्रतिशत अधिक रहा। इसके साथ ही चालू वर्ष की पहली छमाही में यानी जनवरी-जून 2025 के दौरान इंडोनेशियाई पाम तेल के निर्यात में 24.91 प्रतिशत की शानदार बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
दूसरी ओर जून में इंडोनेशिया में कुल आयात महज 4.28 प्रतिशत बढ़कर 19.33 अरब डॉलर पर ही पहुंच सका जबकि इसमें 6.5 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया जा रहा था।
इसके परिणामस्वरुप इंडोनेशिया का व्यापार लाभ उम्मीद से भी ज्यादा बढ़कर 4.11 अरब डॉलर पर पहुंच गया जो पूर्व में लगाए अनुमान 3.45 अरब डॉलर से ज्यादा मगर मई के व्यापार लाभ 4.30 अरब डॉलर से कुछ कम रहा।
अमरीका ने पहले इंडोनेशियाई उत्पादों पर 32 प्रतिशत का टैरिफ लगाने की घोषणा की थी मगर जुलाई में हुए एक करार के बाद इसे घटाकर 19 प्रतिशत निर्धारित कर दिया।
इंडोनेशिया अमरीका के अनेक औद्योगिक सामानों एवं कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क घटाने तथा अमरीका से आयात बढ़ाने पर सहमत हो गया था। ध्यान देने की बात है कि अमरीका अपनी जरूरत के 85 प्रतिशत पाम तेल का आयात इंडोनेशिया से करता है जिससे निर्यातक देश को अच्छी आमदनी प्राप्त होती है।
इससे पूर्व यह खबर आ रही थी कि यूरोपीय संघ के सदस्य देशों में इंडोनशिया को शून्य शुल्क पर पाम तेल की आपूर्ति करने की अनुमति दी जाएगी लेकिन अभी तक इस पर कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।
इंडोनेशिया से पाम तेल का सर्वाधिक निर्यात भारत को होता है और इससे उसे आकर्षक आमदनी प्राप्त होती है। चीन सहित कई अन्य देश भी इंडोनेशिया से अच्छी मात्रा में पाम तेल का आयात करते हैं।