जुलाई के अंत तक मंडियों में 96 लाख टन सोयाबीन की आवक
13-Aug-2025 05:28 PM
इंदौर। स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण संगठन- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) द्वारा संकलित आंकड़ों से ज्ञात होता है कि चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती 10 महीनों में यानी अक्टूबर 2024 से जुलाई 2025 के दौरान देश भर की मंडियों में केवल 96 लाख टन सोयाबीन की आवक हुई
जो 2023-24 सीजन की आपूर्ति 107 लाख टन से 11 लाख टन कम रही। इसी तरह सोयाबीन की क्रशिंग भी 104.50 लाख टन से घटकर 96 लाख टन पर अटक गई।
दूसरी ओर इसका प्रत्यक्ष उपयोग 4.15 लाख टन से बढ़कर 4.55 लाख टन और निर्यात 8 हजार टन से सुधरकर 10 हजार टन पर पहुंच गया।
सोपा के अनुसार चालू मार्केटिंग सीजन में 8.94 लाख टन के पिछले स्टॉक तथा 125.82 लाख टन के घरेलू उत्पादन के साथ सोयाबीन की कुल उपलब्धता 134.76 लाख टन पर पहुंची। इसके अलावा 5 हजार टन का आयात भी हुआ।
कुल उपलब्धता में से 13 लाख टन सोयाबीन का स्टॉक बिजाई के लिए आरक्षित रखा गया जबकि शेष 121.81 लाख टन का स्टॉक क्रशिंग- प्रोसेसिंग सहित अन्य उद्देश्यों के लिए उपलब्ध रहा।
इसके मुकाबले 2023-24 सीजन के दौरान 24.07 लाख टन के पिछले स्टॉक एवं 118.74 लाख टन के उत्पादन के साथ सोयाबीन की कुल उपलब्धता 142.81 लाख टन पर पहुंची थी
जबकि विदेशों से 6.25 लाख टन का आयात भी किया गया था। इसमें से 13 लाख टन का स्टॉक अगली बिजाई के लिए आरक्षित रखा गया और शेष 136.06 लाख टन का स्टॉक अन्य उद्देश्यों के लिए उपलब्ध रहा।
सोपा की रिपोर्ट के मुताबिक सोयाबीन का उत्पादन चालू मार्केटिंग सीजन में 75.75 लाख टन हुआ जबकि 1.33 लाख टन का पिछला स्टॉक मौजूद था और विदेशों से 2 हजार टन का आयात भी किया गया।
इस कुल उपलब्धता में से 17.80 लाख टन सोया डीओसी का विदेशों में निर्यात किया गया। घरेलू प्रभाग में खाद्य उद्देश्य में 6.85 लाख टन तथा सीड निर्माण में 52 लाख टन का उपयोग किया गया और 1 अगस्त 2025 को उद्योग के पास 1.17 लाख टन सोयामील का स्टॉक बच गया। किसानों, व्यापारियों तथा मिलर्स के पास सोयाबीन का स्टॉक भी गत वर्ष 27.11 लाख टन से घटकर इस बार 15.13 लाख टन रह गया।
2023-24 के मार्केटिंग सीजन के शुरूआती 10 महीनों के दौरान उद्योग के पास 1.17 लाख टन सोयामील का पिछ्ला बकाया स्टॉक मौजूद था जबकि 24 हजार टन का आयात एवं 82.46 लाख टन का घरेलू उत्पादन हुआ।
इसमें से 19.24 लाख टन सोया डीओसी का निर्यात हुआ, 6.85 लाख टन का उपयोग खाद्य उद्देश्य में तथा 56 लाख टन का इस्तेमाल फीड निर्माण में किया गया है। 1 अगस्त 2024 को 1.98 लाख टन का स्टॉक बच गया था।
