जून के अंत तक सोयाबीन का आयात 7.77 लाख टन पर पहुंचा

14-Jul-2026 03:38 PM

इंदौर। स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण संगठन सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिशन ऑफ इंडिया (सोपा) का कहना है कि चालू मार्केटिंग सीजन के शुरुआती 9 महीनों में यानी अक्टूबर 2025 से जून 2026 के दौरान देश में सोयाबीन का कुल आयात बढ़कर 7.77 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया।

पिछले साल (सीजन) की समान अवधि में केवल 2 हजार टन सोयाबीन का आयात हुआ था। घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति जटिल होने तथा कीमत काफी ऊंचे स्तर पर रहने से विदेशी सोयाबीन में भारतीय आयातकों की दिलचस्पी बढ़ गई।

दूसरी ओर सोपा ने सोयामील का निर्यात 2024-25 सीजन के 20.23 लाख टन से करीब 50 प्रतिशत घटकर 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में 10 लाख टन के आसपास सिमट जाने का अनुमान लगाया है क्योंकि वैश्विक बाजार में इसका निर्यात ऑफर मूल्य काफी ऊंचा चल रहा है। 

सोपा की नवीनतम मासिक रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 के सीजन में देश के अंदर कुल 110.26 लाख टन सोयाबीन का उत्पादन हुआ जिसमें से 77.50 लाख टन की आवक विभिन्न मंडियों में जून के अंत तक हुई जो गत वर्ष की इसी अवधि की आपूर्ति 89 लाख टन से काफी कम रही।

चालू मार्केटिंग सीजन के शुरुआती 9 महीनों में सोयाबीन डीओसी का उत्पादन 68.65 लाख टन से गिरकर 64.31 लाख टन तथा सोयामील का निर्यात 15.60 लाख टन से घटकर 9.02 लाख टन पर अटक गया। इस अवधि में घरेलू प्रभाग में 6.70 लाख टन सोयामील का उपयोग खाद्य उद्देश्य में तथा 48 लाख टन उपयोग फीड निर्माण में हुआ।