छोटी इलायची में तेजी की संभावना नहीं : उत्पादन अधिक

14-Jul-2026 07:40 PM

नई दिल्ली। चालू सीजन के दौरान देश में छोटी इलायची का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में अधिक होने के अनुमान लगाए  जा रहे हैं। चालू माह के दौरान उत्पादक केन्द्रों पर नई छोटी इलायची की आवक शुरू होने के समाचार है। उल्लेखनीय है कि दूसरे वर्ष भी देश में छोटी इलायची की पैदावार बढ़ने की संभावना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में देश में छोटी इलायची की पैदावार 24/25 हजार टन की रही थी जोकि वर्ष 2025 में बढ़कर 30/32 हजार टन हो गई है। अगर आगामी दिनों में मौसम फसल के अनुकूल बना रहा है तो इस वर्ष देश में छोटी इलायची का उत्पादन 38/40 हजार टन होने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं। गत दिनों हुई बारिश से छिटपुट नुकसान होने के समाचार मिले थे लेकिन बाद में स्थिति फसल के अनुकूल होने से पैदावार में वृद्धि के अनुमान लगाए जा रहे हैं। सूत्रों का मानना है कि पहली पीकिंग की क्वालिटी कुछ हल्की आ सकती है लेकिन अन्य पीकिंग में अच्छी क्वालिटी आने के अनुमान है। छोटी इलायची की फसल 5/6 पीकिंग में आती है। भारत वर्ष में जुलाई माह में शुरू होकर जनवरी माह तक फसल की आवक होती है जबकि ग्वाटेमाला में नवम्बर माह में फसल आती है। 

तेजी नहीं 

जानकारों का कहना है कि हाल-फिलहाल छोटी इलायची की कीमतों में तेजी की संभावना नहीं है। क्योंकि एक बार फिर से मिडिल ईस्ट देशों में युद्ध छिड़ जाने के कारण छोटी इलायची का निर्यात प्रभावित होगा। साथ ही नए मालों की आवक भी शुरू हो जाएगी। वर्तमान में दिल्ली बाजार में छोटी इलायची का भाव क्वालिटीनुसार 2600/3600 रुपए प्रति किलो चल रहा है जबकि उत्पादक केन्द्रों पर नीलामियों में एवरेज क्वालिटी का भाव 2750/2800 रुपए एवं अधिकतम भाव 3600/3750 रुपए बोला जा रहा है। 

निर्यात 

गत वर्ष ग्वाटेमाला में छोटी इलायची का उत्पादन कम होने के कारण वर्ष 2025-26 के दौरान भारतीय इलायची का निर्यात प्रदर्शन अच्छा रहा। आमतौर पर ग्वाटेमाला में छोटी इलायची का उत्पादन 30/32 हजार टन रहता है लेकिन प्रतिकूल मौसम के चलते गत वर्ष उत्पादन 20/22 हजार टन के आसपास रहा ग्वाटेमाला में नई छोटी इलायची की आवक नवम्बर माह में शुरू होती है। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 के दौरान मात्रात्मक रूप में छोटी इलायची का निर्यात 124 प्रतिशत अधिक रहा जबकि निर्यात से प्राप्त आय 134 प्रतिशत बढ़ी। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2025-26 (अप्रैल- मार्च) के दौरान छोटी इलायची का निर्यात 15050 टन का रहा और निर्यात से प्राप्त आय 3672 करोड़ की रही। जबकि वर्ष 2024-25 में छोटी इलायची का निर्यात 6728 टन का रहा था और निर्यात से प्राप्त आय 1566.82 करोड़ की रही। अप्रैल-2026 के दौरान भी छोटी इलायची का निर्यात 1110.70 टन का हुआ जोकि गत वर्ष की इसी समयावधि की तुलना में 82 प्रतिशत अधिक है गत वर्ष अप्रैल- 2025 में निर्यात 609.26 टन का रहा था। निर्यात से प्राप्त आय में भी 74 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। गत वर्ष अप्रैल- 2025 में निर्यात से प्राप्त आय 144.81 करोड़ की रही थी जबकि अप्रैल- 2026 में आय 251.67 करोड़ की रही।