अर्जेन्टीना में 501 लाख टन सोयाबीन का उत्पादन

14-Jul-2026 08:10 PM

ब्यूनर्स आयर्स। लैटिन अमरीकी देश अर्जेन्टीना में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है और ब्यूनस आयर्स ग्रेन एक्सचेंज ने इसका उत्पादन 501 लाख टन आंका है जो 2024-25 सीजन के कुल उत्पादन 505 लाख टन से 2 लाख टन या 0.4 प्रतिशत कम है। हालांकि यह आंकड़ा पंचवर्षीय औसत उत्पादन से 19 प्रतिशत ज्यादा है लेकिन 2014-15 सीजन के रिकॉर्ड स्तर 615 लाख टन की तुलना में बहुत कम है।

उल्लेखनीय है कि अर्जेन्टीना में सोयाबीन की बिजाई दो चरणों में होती है। प्रथम चरण की फसल का सीजन सोजा प्राइनेरा कहलाता है जिसमें अक्टूबर के मध्य दिसम्बर तक सोयाबीन की बिजाई होती है। यह फसल अप्रैल- मई में कट जाती है।

अर्जेन्टीना में लगभग 70 प्रतिशत सोयाबीन का उत्पादन इसी सीजन में होता है। दूसरे सीजन को सोजा डी सेगुंडा कहा जाता है। इसमें सोयाबीन की बिजाई गेहूं फसल की कटाई-तैयारी के तुरंत बाद दिसम्बर के अंत एवं जनवरी के आरंभ में होती है और मई से लेकर जुलाई की शुरुआत तक चलती रहती है।

दूसरी फसल की उपज दर कमजोर रहती है। भारत में सोयाबीन तेल का सर्वाधिक आयात अर्जेन्टीना से ही होता है जो इसका सबसे बड़ा निर्यातक देश है।