लद्दाख से यूएई को खुबानी का निर्यात

14-Jul-2026 08:49 PM

नई दिल्ली। केन्द्र शासित प्रदेश- लद्दाख में उत्पादित प्रीमियम क्वालिटी की खुबानी (एप्रीकोट) का निर्यात संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को शुरू करने की सारी तैयारी पूरी हो गई है और कल यानी 15 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के लद्दाख भवन से इसकी पहली खेप को रवाना किया जाएगा।

लद्दाख के उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना कारगिल क्षेत्र में उत्पादित फ्रेम हॉल मैन खुबानी की सीजन की पहली निर्यात खेप को हरी झंडी दिखाने वाले हैं। खुबानी लद्दाख के कारगिल संभाग का एक प्रीमियम बागवानी उत्पाद है। वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 5 टन खुबानी की पहली खेप नई दिल्ली के लद्दाख भवन से संयुक्त अरब अमीरात को भेजी जाएगी। पहले इसे 14 जुलाई को ही भेजा जाना था लेकिन बाद में इसका समय एक दिन बढ़ाने का निर्णय लिया गया। 

उल्लेखनीय है कि महीनों पहले लद्दाख प्रशासन तथा यूएई स्थित मध्य पूर्व के सबसे बड़े हाइपर मार्किट नेटवर्क संचालित करने वाले एक विख्यात प्रतिष्ठान के बीच चालू सीजन के दौरान 1000 टन लद्दाखी खुबानी के आयात-निर्यात का अनुबंध हुआ था। उस समय तक फसल तैयार नहीं हुई थी।

पिछले साल केवल 1.50 टन हॉल मैन खुबानी का निर्यात सऊदी अरब, कुवैत एवं कतर को किया गया था जबकि इस बार शुरुआत ही 5 टन से हुई है जो सिर्फ यूएई को 1000 टन तक पहुंच सकती है। अन्य देशों में भी इसके निर्यात की उम्मीद है।